नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों को जल्द मिलेगा बढ़े हुए मुआवजे की खुशखबरी
50 फीसदी से अधिक होगी मुआवजे में वृद्धि, अधिकारियों ने पंकज सिंह को दिया भरोसा
अथाह संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों को जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है। किसानों की लंबे समय से चल रही मुआवजा बढ़ाने की मांग को नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह के प्रयासों से जल्द ही बढ़ा मुआवजा मिल सकता है वह भी 50 फीसद से अधिक।
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे किसानों के लिए बेहद सकारात्मक और ऐतिहासिक खबर बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश और सरकार की किसान हितैषी नीतियों के चलते किसानों की लंबे समय से चली आ रही मुआवजा बढ़ाने की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
पंकज सिंह के मुताबिक औद्योगिक विकास आयुक्त (आईडीसी) दीपक कुमार और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के साथ पूर्व में हुई वातार्ओं के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए फिर सकारात्मक बातचीत हुई। वार्ता में अधिकारियों ने किसानों को वर्तमान मुआवजा दरों में सीधे 50 फीसदी से अधिक की वृद्धि करने पर सहमति जताई है। साथ ही इसे जल्द लागू करने का भरोसा भी दिया गया है।
पंकज सिंह ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के सैकड़ों किसान परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण और खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को भी इस पहल के लिए धन्यवाद दिया।
