Dainik Athah

शिकारपुर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा लंबी बीमारी के चलते निधन

भाजपा ने अनिल शर्मा के निधन पर जताया दुख



अथाह ब्यूरो
लखनऊ/ बुंलदशहर।
भारतीय जनता पार्टी के शिकारपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री समेत अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
चार बार विधायक रहे एवं योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे अनिल शर्मा शिकारपुर से विधायक थे एवं लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनका उपचार दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर अस्पताल में चल रहा था। आज उनका निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। अनिल शर्मा बुलंदशहर जिले में काफी लोकप्रिय थे वे खुर्जा से भी विधायक रह चुके थे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा नेता, जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता, पूर्व राज्य मंत्री एवं शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनिल शर्मा के निधन की हृदयविदारक सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और इस अपार दु:ख की घड़ी में शोकाकुल परिवार, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को धैर्य और शक्ति दें। भावभीनी श्रद्धांजलि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *