Dainik Athah

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी भरा फोन

बम से उड़ाने की धमकी; अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कॉलर ने विधायक को बम से उड़ाने की धमकी देने के साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। मामले में विधायक के सहयोगी अनुराग की शिकायत पर लोनी थाने में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपने कुछ सहयोगियों के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले ने विधायक को धमकाते हुए बम से उड़ाने की बात कही। विधायक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

इसके बाद विधायक ने फोन काट दिया, लेकिन आरोप है कि कॉलर ने बार-बार फोन कर उन्हें परेशान किया और धमकियां दीं। घटना की जानकारी विधायक की ओर से एसीपी लोनी और लोनी थाना प्रभारी को दी गई।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह योगी आदित्यनाथ की सरकार है और विधायक हो या सांसद, सभी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार और पुलिस की है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ निश्चित रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि फोन कर धमकी देने वाला व्यक्ति पेशेवर अपराधी है और रंगदारी मांगने का काम करता है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *