Dainik Athah

आज भी हम सबको अधिकारों के लिए सरकारों से लड़ना पड़ रहा है: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने वीरांगना अवंती बाई लोधी को किया नमन



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीरांगना अवंती बाई लोधी के जन्म दिवस पर राजधानी के हजरतगंज स्थित कैपिटल सिनेमा के पास उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में जो भूमिका रानी लक्ष्मीबाई ने निभाई थी आजादी के लिए वही भूमिका वीरांगना अवंती बाई लोधी ने भी निभाई। आज हम सब लोग मिलकर वीरांगना अवंती बाई लोधी को याद कर रहे हैं उनके साहस और बलिदान को नमन करते हैं।
यादव ने कहा कि कल ही हम लोगों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सुभाष चंद्र बोस समेत लाखों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया, जिनकी कुबार्नी की वजह से देश को आजादी मिली। उसके बाद बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम संविधान और समाजवादी विचारधारा का रास्ता दिखाया उस पर हम लोग चल रहे हैं। उन्होेंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान हमारे देश का अपना कानून नहीं था, हमारे लोगों को अधिकार नहीं था। हक और सम्मान नहीं था, वीरांगना अवंती बाई लोधी ने इसी आजादी के लिए लड़ाई लड़ने का काम किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उस समय अंग्रेज अधिकार नहीं दे रहे थे और आज भी हम सबको अधिकारों के लिए सरकारों से लड़ना पड़ रहा है। समाज को लगातार जागरूक करते हुए जिन्होंने बलिदान दिया है उनके बारे में लोगों को बताने का काम करते रहना है। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा की जो लोग नक्सलवाद, आतंकवाद और विदेश नीति में असफल हो गए हैं वह तमाम तरह की बात करते हैं। आज देश में परिसीमन से ज्यादा सीमाओं की सुरक्षा पर बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और आज कितना है, क्या भाजपा सरकार बता पाएगी।

यादव ने कहा कि जब देश की सीमाओं को लेकर सवाल उठता है, और उंगली उठती है तो भाजपा इधर उधर की बात करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकर ने ई-20 करके पेट्रोल में मिलावट कर दी, महंगाई बढ़ा दी। खाद की बोरी में चोरी हो गई। डीएपी, यूरिया सब खाद की बोरियों में चोरी हो गई। लखनऊ स्मार्ट सिटी थी लेकिन यहां जगह-जगह कूड़ा भरा है। नाले भरे हैं। सरकर 300 करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है लेकिन पेड़ कहीं नहीं दिखाई दे रहे हैं, केंद्र सरकार की रिपोर्ट आई है, प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस वे उद्घाटन के बाद जगह-जगह टूट गई उसे पर न जाने कितने गड्ढे़ हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *