Dainik Athah

जाम एवं पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक सप्ताह में कार्ययोजना तैयार करें: नंद किशोर कलाल

जीडीए उपाध्यक्ष ने किया आरडीसी क्षेत्र का किया व्यापक निरीक्षण



अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने आरडीसी क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण करने के साथ ही जाम एवं पार्किंग की समस्या के स्थाई समाधान के लिए एक सप्ताह में कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिये।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, सचिव विवेक मिश्रा, विशेष कार्यधिकारी राजीव रतन सिंह एवं अभियंत्रण टीम के साथ राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आरडीसी क्षेत्र में बढ़ते यातायात, जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का आकलन कर उनके प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने विशेष रूप से आरडीसी क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम एवं अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अनियोजित पार्किंग, सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने तथा अव्यवस्थित गतिविधियों के कारण क्षेत्र में बार-बार यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों एवं आगंतुकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरडीसी क्षेत्र की समग्र पार्किंग व्यवस्था का पुनर्गठन करते हुए उपलब्ध स्थानों का वैज्ञानिक उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए।
निरीक्षण के दौरान व्हीकल-फ्री जोन का भी निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि व्हीकल-फ्री जोन को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप प्रभावी ढंग से विकसित एवं संचालित किया जाए तथा क्षेत्र को नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जाए।
नंद किशोर कलाल ने आरडीसी क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटों एवं प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को भी प्लान मे सम्मिलित करते हुए तत्काल ठीक कराया जाए तथा पूरे क्षेत्र में पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रि के समय नागरिकों की सुरक्षा एवं आवागमन बेहतर हो सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित स्ट्रीट फूड एवं अन्य अस्थायी स्टॉलों का भी संज्ञान लिया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि इन अव्यवस्थित स्टॉलों के कारण न केवल सड़कें संकरी होती हैं, बल्कि गंदगी एवं जाम की समस्या भी बढ़ती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सुव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित किया जाए, जिससे वैध वेंडिंग गतिविधियों को नियोजित स्थान उपलब्ध हो तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण समाप्त किया जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पूरे आरडीसी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
निरीक्षण के क्रम में आरडीसी से सटे हिंट चौराहे का भी अवलोकन किया गया। यह चौराहा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित चौराहा सौंदर्यीकरण योजना में सम्मिलित है, जिसका टेंडर पूर्ण हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिय कि इस परियोजना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ कराया जाए, जिससे चौराहे का सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के अंत में उपाध्यक्ष ने सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडीसी क्षेत्र से संबंधित सभी बिंदुओं पर एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई प्रारंभ की जाए तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, जिससे आरडीसी क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *