एंबुलेंस की टक्कर लगने से ट्राली में लगी कांवड़ हुई खंडित
अथाह संवाददाता
मुरादनगर। सोमवार को सुबह रेवले रोड के सामने एक एंबुलेंस ने कांवड़ियों की ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित हो गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंस चालक की पिटाई की और जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं कांवड़िये थाने का बाहर जमा हो गए और ट्रैक्टर में हुए नुकसान की पांच लाख की भरपाई की मांग की। हंगामे के चलते दिल्ली- मेरठ मार्ग जाम लग गया। जाम के दौरान वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार गई। एसीपी मसूरी थाने पर पहुंचे और हंगामा करते कांवड़ियों को शांत करने का प्रयास किया।
गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने के आह्वान के साथ नोएडा के मनु गुर्जर और उनके साथी हरिद्वार से ट्रैक्टर ट्राली द्वारा कांवड़ लेकर आ रहे हैं। बीती रात उन्होंने दिल्ली- मेरठ मार्ग पर लगे शिविर मे विश्राम किया। सोमवार सुबह छह बजे दल आगे के लिए रवाना हुआ। रेलवे रोड के निकट पीछे आती एक एंबुलेंस ने ट्राली के पीछे लगे जेनरेटर में टक्कर मार दी। जेनरेटर की टक्कर ट्राली में लगने से पिछले के हिस्से में सजी कांवड़ नीचे गिरकर खंडित हो गई। इसके अलावा एंबुलेंस के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
कांवड़ खंडित होने से गुस्साए कांवड़ियों ने एंबुलेंंस चालक की जमकर पिटाई की। आसपास के लोगों ने चालक को किसी प्रकार छुड़ाया। इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने दिल्ली- मेरठ मार्ग पर जमकर हंमागा किया। हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए कांवड़ियो को समझाने का प्रयास किया। एंबुलेंस के मरीजों को दूसरे वाहन से गाजियाबाद भिजवाया और एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया। बाद में सभी कांंवड़िये थाने के सामने जमा हो गए और अपने नुकसान की भरपाई के लिए पांच लाख रुपये की मांग की। हंगामे की सूचना मिलने पर एसीपी मसूरी सुनील कुमार थाने पहुंचे और कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत कराया। कांवड़ियों को जल देकर आगे के लिए रवाना किया गया। एसीपी ने बताया ने बताया कि मारपीट में घायल हुए एंबुलेंस चालक को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांवड़ियों को समझाकर शांत करा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस की पहले टक्कर ट्राली के पीछे लगे जेनरेटर से हुुई थी, जिसके कारण टक्कर का प्रभाव कम हो गया और कोई भी कांवड़िया घायल नहीं हुआ। यदि सीधी टक्कर ट्राली से हुई होती उसके में सवार कांवड़िये भी गंभीर रूप से घायल हो सकते थे।
हंगामे के चलते सुबह के समय लगा जाम
कांवड़ियों के हंंमामे के चलते सुबह के समय ही दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम के हालात पैदा हो गए। जाम के दौरान थाने के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गईं। सुबह के समय काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी सामना करना पड़ा। हालाकि सोमवार को दिल्ली मेरठ मार्ग पर दिनभर जाम से जूझता रहा।
