सपा विधानमंडल दल की बैठक
समाजवादी पार्टी के विधायक जनता से जुड़े सभी मुद्दों को उठाएंगे
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल की बैठक रविवार को समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में हुई। विधानमंडल दल की बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की। बैठक में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य शामिल हुए।
बैठक के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों-नौजवानों, छात्रों के साथ धोखा किया है। छात्रों, नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। किसानों को खाद-बीज नहीं मिल रहा है। खाद की बोरी से चोरी हो रही है। डीजल-पेट्रोल की बढ़ती महंगाई से खेती की लागत बढ गयी है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त है। नौजवानों को नौकरी-आरक्षण नहीं मिल रही है। नीट पेपर लीक हुआ। यूपी में भर्ती परीक्षाओं के सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए। समाजवादी पार्टी इन सभी मुद्दों को विधानसभा में उठायेगी। विधान मंडल सत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक जनता से जुड़े सभी मुद्दों को उठाएंगे।
समाजवादी पार्टी विधान मंडल दल की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में श्री यादव ने कहा है कि अगर पेट्रोल में एथनाल मिलाने से, ई-20 से इफेसियंसी बढ़ती है, माइलेज बढ़ता है। मेन्टीनेंस जीरो हो जाता है तो आटोमोबाइल कम्पनियों को विज्ञापन देना चाहिए। लोगों को जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता बर्बाद कर दी है। शिक्षा विभाग की भर्तियों में भारी भ्रष्टाचार है। भाजपा छात्रों को नौकरी-आरक्षण नहीं दे रही है। एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार है। अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी हो गया। रामपुर के मोहम्म्द अली जौहर विश्वविद्यालय को लेकर पहले दिन से भाजपा सरकार की नीयत ठीक नहीं थी। भाजपा सरकार शिक्षा संस्थानों को बढ़ता हुआ नहीं देख पाती है। यह सरकार अपने कार्यकाल में खुद कोई विश्वविद्यालय नहीं बना पायी, लेकिन जौहर विश्वविद्यालय पर हथौड़ा चलाना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के 10 साल में 26386 स्कूल बंद हो गये। प्राथमिक स्कूलों में छात्रों की संख्या घट गयी है। प्रदेश में कुल 28 लाख छात्रों का नामांकन घटा है। उसमें से 25 लाख बच्चे पिछड़े और दलित समाज के है। इनमें 16 लाख बेटियां है। इसी तरह सरकारी शिक्षकों की संख्या 62 हजार घट गयी है। स्कूलों को बंद करके भाजपा सरकार नौकरी भी छीन रही है। यह सरकार सरकारी नौकरी नहीं देना चाहती है। भाजपा सरकार में कक्षा एक से आठ तक शिक्षकों के स्वीकृत पद 1 लाख 40 हजार कम हो गये है।
अखिलेश यादव ने कहा कि चार दिन की सरकार बची है, इसीलिए उत्तर प्रदेश विधानसभा में सत्र भी चार दिन का ही हो रहा है। पहला दिन उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार श्रद्धांजलि देने में निकाल देगी। दूसरा दिन अयोध्या के प्रभु राम जी के मंदिर में हुई सुनियोजित चोरी के महापाप की जिम्मेदारी अपने ऊपर से हटाकर केंद्र सरकार पर डालकर अपना पल्ला झाड़ने में निकाल देगी। तीसरा दिन प्रयागराज जैसे पूरे प्रदेश में हुए छात्र आंदोलन से बचने में निकाल देगी। चौथा दिन दुखी माँ के सरेआम अपमान पर मुंह छिपाकर जल्दी से सत्र खत्म करने की घोषणा करने में निकाल देगी।
यादव ने कहा कि अब भाजपा को भी मालूम है कि वो फिर कभी सरकार में वापस नहीं आएंगे, इसीलिए विधानसभा को महत्व नहीं दे रहे हैं बस सत्र आयोजित करने की औपचारिकता निभा रहे हैं। भाजपा की चला-चली की बेला का मानसून सत्र भी चला-चली टाइप का सत्र है। अब भाजपा जाएगी, फिर कभी न आएगी।
