Dainik Athah

हापुड़ नगर पालिका चेयरमैन पुष्पा अपने पति श्रीपाल सिंह के साथ भाजपा में शामिल

बसपा से निष्काशित चेयरमैन को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिलाई सदस्यता


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के समक्ष रविवार को हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पुष्पा तथा हापुड़ सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2017 में बसपा प्रत्याशी रहे श्रीपाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया और उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नेताओं के भाजपा परिवार से जुड़ने से हापुड़ जनपद में संगठन और अधिक मजबूत होगा। सदस्यता ग्रहण कराने के उपरांत पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश के प्रत्येक वर्ग के विश्वास का केंद्र बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग निरंतर भाजपा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने वाला एक सशक्त संगठन है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी शक्ति है और संगठन सभी को समान अवसर प्रदान करता है।
पंकज चौधरी ने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि पुष्पा एवं श्रीपाल सिंह पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं अभियानों में सक्रिय सहभागिता करेंगे।

बसपा प्रमुख ने किया था निष्काशित, दहेज प्रताड़ना का था आरोप

पुष्पा एवं श्रीपाल सिंह के पुत्र से बसपा प्रमुख मायावती की भतीजी का विवाह हुआ था। पुष्पा बसपा प्रत्याशी के रूप में विजयी हुई थी। बाद में इस परिवार के ऊपर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा। मायावती की भतीजी ने पुष्पा एवं श्रीपाल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। इसकी जानकारी मिलने पर बसपा प्रमुख ने चेयमैन दंपत्ति को पार्टी से निष्काशित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *