Dainik Athah

छात्रों-नौजवानों ने केन्द्र सरकार को झुका दिया: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने नीट परीक्षा लीक के खिलाफ हुए आन्दोलन के लिए छात्रों और नई पीढ़ी के मनोबल, एकता और उनके प्रचार को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों-नौजवानों ने केन्द्र सरकार को झुका दिया। नौजवानों को, सरकार को झुकाना आता है। इसीलिए आन्दोलन की जीत के बाद नारा लगा- झुकती है सरकार, झुकाने वाला चाहिए।
यादव ने कहा कि इस्तीफे के बाद जब श्री धर्मेन्द्र प्रधान अगले दिन सदन में आये तो भाजपा के सांसदों ने उनका स्वागत किया, क्योंकि एक प्रधान को हटाकर सांसदों और सरकार ने प्रधानमंत्री को बचा लिया। सांसदों और सरकार ने राहत की सांस ली, इसीलिए धर्मेन्द्र प्रधान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसा आन्दोलन पहले किसी ने नहीं देखा था। नई पीढ़ी के लोग खुद निकल कर इस आन्दोलन में आये। यह सरकार पिछले कई वर्षों से नकारात्मक प्रचार पर टिकी थी। यह नकारात्मक राजनीति करती है। नकारात्मक राजनीति पर करोड़ों रुपए खर्च करती है। लेकिन नई पीढ़ी ने अपनी एकता मनोबल और प्रचार के तरीके से भाजपा सरकार को झुका दिया।
मंगलवार को लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार झुकी और करोड़ों लोगों की मांग को पूरा करना पड़ा। लेकिन जिन मांगों पर सहमति बनी सरकार उन आंकड़ों को क्यों नहीं रख रही है? उन्होंने कहा कि यह सरकार वचन नहीं जुमला देती है। किसानों ने वर्षों तक धरना-प्रदर्शन, आन्दोलन किया था लेकिन उनकी नहीं सुनी गयी। जब चुनाव करीब आया तब किसानों के खिलाफ लाये गये तीनों काले कानून वापस ले लिए। यह सरकार जब डर जाती है, घबरा जाती है, तब झुक जाती है।
यादव ने कहा कि जो लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 लाया गया है उसके बारे में सरकार को बताना चाहिए कि जब 2024 में यह एक्ट लेकर आये थे तो नीट पेपर लीक क्यों हुआ और 2026 में छात्रों को आन्दोलन क्यों करना पड़ा?। उन्होंने कहा कि यह ऐसा आन्दोलन रहा जिसमें नई पीढ़ी और उनके माता-पिता सब जुड़ गये। इस परीक्षा से 20लाख छात्र और उनके परिवार समेत करोड़ों लोग जुडे़। यह आन्दोलन केवल दिल्ली में नहीं, पूरे देश में हुआ। परीक्षाओं के लीक होने से सब लोग दु:खी है। यह पहला आन्दोलन है जिसमें छात्रों के माता-पिता ने भी साथ दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग प्रभु श्रीराम के दरबार से चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाये, वे पेपर लीक कैसे बचा पाएंगे? भगवान के दरबार से दान गायब हो गया, चढ़ावा चोरी हो गया। पेपर लीक संसोधन कानून लाकर सरकार आंखों में धूल झोक रही है। पेपर लीक को लेकर कानून तो पहले से है लेकिन सरकार पेपर लीक नहीं रोक पायी। अगर कानून से पेपर लीक बच रहा होता तो भाजपा की 10 साल की सरकार में उत्तर प्रदेश में 20 पेपर लीक कैसे हो गये। हम लोगों ने उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं पेपर लीक पर एक किताब बना दी। यूपी में दरोगा भर्ती पेपर, जूनियर इंजीनियर भर्ती पेपर, ग्राम विकास अधिकारी पेपर, टीईटी परीक्षा का पेपर तीन बार लीक हुआ। हाईस्कूल बोर्ड, इंटरमीडिएट बोर्ड, सिपाही भर्ती परीक्षा समेत 20 से ज्यादा परीक्षाएं लीक हुई। नीट परीक्षा तो कानून बनने के बाद दो बार लीक हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *