Dainik Athah

कांवड़ यात्रा-2026 की अग्नि सुरक्षा तैयारियों की एडीजी ने की समीक्षा

 वैशाली फायर स्टेशन पर व्यायामशाला का लोकार्पण

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को फायर स्टेशन वैशाली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, श्रीमती पद्मजा चौहान ने की। उन्होंने कांवड़ यात्रा से जुड़े मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, बदायूं और अमरोहा के मुख्य अग्निशमन अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीजी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले सभी शिविरों में अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही शिविर संचालकों एवं आयोजकों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी और जागरूकता भी प्रदान की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

उन्होंने सभी मुख्य अग्निशमन अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान फायर स्टेशन वैशाली में अग्निशमन कर्मियों के शारीरिक प्रशिक्षण के लिए निर्मित व्यायामशाला का लोकार्पण भी किया गया। इसके अलावा कविनगर स्थित स्वदेशी कंपाउंड इंडस्ट्री द्वारा अग्निशमन विभाग को उपलब्ध कराए गए एक वाटर बाउजर को हरी झंडी दिखाकर विभाग को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर एडीजी ने गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर के बहुमंजिला भवनों में नियमित फायर ऑडिट कराने और अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर तथा ऐसे भवनों, जहां निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहां निरंतर फायर ऑडिट अभियान चलाने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी फायर सुरक्षा उपायों से अग्निकांडों पर नियंत्रण और जनहानि की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *