सीएम योगी, पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह समेत सभी वरिष्ठ बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों को करेंगे संबोधित
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बुधवार, 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित प्रदेश के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ अध्यक्षों से संवाद करेंगे। सम्मेलनों के माध्यम से संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। बूथ जीता-चुनाव जीता और मेरा बूथ सबसे मजबूत के संकल्प के साथ आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन बूथ स्तर पर अभेद्य व्यूह रचना तैयार करने तथा बूथ विजय अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होगें।
विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बुधवार 22 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सीतापुर जनपद की लहरपुर विधानसभा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर व बृजेश पाठक शाहजहांपुर की जलालाबाद विधानसभा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह वाराणसी दक्षिण व कैंट विधानसभा में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठनात्मक मार्गदर्शन देंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में सहभागिता करेंगे तथा बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकतार्ओं का मार्गदर्शन करेंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी बलिया नगर, प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ की मोहनलालगंज, भूपेन्द्र सिंह चौधरी बुलन्दशहर की शिकारपुर, एके शर्मा लखनऊ महानगर मध्य, दारा सिंह चौहान मऊ की मधुबन, जेपीएस राठौर मथुरा की गोवर्धन, दयाशंकर मिश्र दयालू गाजीपुर की जमनियां, हंसराज विश्वकर्मा सोनभद्र की दुद्धी, दानिश अंसारी आजमगढ़ की मुबारकपुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर बहराइच की कैसरगंज, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह गोरखपुर की सहजनवां, देवेश कोरी कानपुर उत्तर की गोविन्द नगर, प्रियंका रावत सीतापुर की हरगांव विधानसभा, नीरज सिंह मथुरा-वृंदावन विधानसभा, अंकुर शर्मा सहारनपुर की देवबंद, प्रमेन्द्र जांगड़ा शामली, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर गाजियाबाद विधानसभा में आयोजित बूथ सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।
