भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा
कार्यकर्ता का हर समय उपयोग किया जा सकता है, कहीं प्रभारी भी बनाये जा सकते हैं
केंद्र में मोदी और यूपी में योगी के राज में विकास की नयी तस्वीर आई सामने
योगी राज में 2017 के बाद से दंगे, अपराधों पर रोक, बिजली व्यवस्था बेहतर हुई

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पदाधिकारी पूर्व हो सकता है, लेकिन कार्यकर्ता कभी पूर्व नहीं होता। वह हर समय जिम्मेदारी से काम करता है। उन्होंने केंद्र में नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की जमकर सराहना की।
मंगलवार को गाजियाबाद आये पंकज चौधरी ने कहा कि उन्हें सात माह प्रदेश अध्यक्ष बनें हो गये हैं। इस दौरान वे जिस जिले में भी जाते हैं वहां मीडिया से संवाद एवं पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद अवश्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा परिवार का सदस्य है। पूर्व पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कभी भी किसी जिले की जिम्मेदारी दी जा सकती है अथवा अन्य कोई कार्य दिया जा सकता है।
पंकज चौधरी ने 2014 से देश में नरेंद्र मोदी सरकार और यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद परिस्थितियों में बड़े बदलाव आये हैं। उन्होंने देश में विकास का श्रेय मोदी के देते हुए कहा कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में क्या हालात थे किसी से छुपे नहीं है। योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश में दंगे समाप्त हो गये, अपराधों पर रोक लगाते हुए कड़ी कार्रवाई होती है। विकास का पहिया पूरे प्रदेश में घूम रहा है। बिजली व्यवस्था बेहतर हुई है। कोई भी बता दें कि 2014 से पहले प्रदेश में क्या स्थिति थी। यूपी को माफिया प्रदेश कहा जाता था। अब पूरे विश्व के उद्योगपति यूपी में उद्योग लगाने आ रहे हैं। देश के 60 फीसद राष्टÑीय राजमार्ग यूपी में है। उन्होंने कहा कि अब यदि मोदी कुछ कहते हैं तो पूरा विश्व उनकी बात को ध्यान से सुनता है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास नारा यर्थात में लागू हो रहा है। योजनाओं में जाति अथवा धर्म के नाम पर र्को भेदभाव नहीं होता।
चंदा चोरी मामले में सवाल पर उन्होंने कहा कि चंदा चोरी मामले में दोषी जो भी हो बख्शा नहीं जायेगा। चाहे वह कितना भी बड़ा हो। अब तो सुप्रीम कोेर्ट के निर्देश पर नयी एसआईटी बनने जा रही है। पेपर लीक पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भी बैठक में स्पष्ट किया है कि पेपर लीक में जो भी दोषी होगा उसे सजा मिलेगी। पार्टी में गुटबाजी से इनकार करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है।
यूपी में किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जायेगा यह संसदीय बोर्ड तय करेगा: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
पंकज चौधरी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जायेगा यह पार्टी का संसदीय बोर्ड तय करेगा। यह तय करना मेरा काम नहीं है।
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल, महापौर सुनीता दयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी मोहित बेनीवाल, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी एवं अंकुर शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
