Dainik Athah

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

– श्रीमहंत हरि गिरि महाराज व श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने किया भव्य स्वागत, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिनंदन

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर का विधि-विधान के साथ जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और लोकमंगल की कामना करते हुए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री के आगमन से मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा तथा पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज तथा मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने किया। इस अवसर पर श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय संस्थान के वेदपाठी बटुकों ने वैदिक स्वस्तिवाचन, पुष्पवर्षा एवं मंगलाचरण के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

सभी देवी-देवताओं के दर्शन कर गुरुओं की समाधियों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक के साथ मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने नंदी महाराज के दर्शन कर सिद्ध गुरुओं की समाधियों पर श्रद्धापूर्वक नमन किया और मंदिर की आध्यात्मिक परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

वेदपाठी बटुकों से किया आत्मीय संवाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय संस्थान में अध्ययनरत वेदपाठी बटुकों एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक संस्कृति और संस्कृत भाषा का संरक्षण एवं संवर्धन राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि श्री दूधेश्वरनाथ मठ एवं वेद विद्यालय भारतीय संस्कृति और सनातन ज्ञान परंपरा को सशक्त बनाने का उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रही है।

सनातन संस्कृति पर हुई विस्तृत चर्चा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के साथ सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना एवं वैदिक परंपराओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को विकास, सामाजिक समरसता और सुशासन की नई दिशा प्रदान की है।

वहीं श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि उन्हें योगी आदित्यनाथ जैसे संत-स्वभाव वाले मुख्यमंत्री का नेतृत्व प्राप्त हुआ है, जिनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।

कांवड़ मेले और श्रावण शिवरात्रि की तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रावण मास, कांवड़ मेले एवं श्रावण शिवरात्रि के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर प्रबंधन से जानकारी प्राप्त की।

मीडिया प्रभारी एस. आर. सुथार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।ReplyForwardAdd reaction

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *