Dainik Athah

ब्लैक लिस्ट की नौबत आई तब काम में तेजी लाने का दिया भरोसा

मोदीनगर में आरओबी निर्माण कंपनी के

आरओबी निर्माण की धीमी गति, सर्विस रोड की दुर्दशा को लेकर एसडीएम ने जताई नाराजगी

बैठक में नहीं पहुंचा निर्माण कंपनी का कोई प्रतिनिधि

निर्माण की धीमी गति के संबंध में जिलाधिकारी को कराया गया अवगत


अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
मोदीनगर में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण का ठेका लेने वाली कंपनी पर जब ब्लैक लिस्ट की तलवार लटकी तब जाकर ठेकेदार ने आरओबी निर्माण में तेजी लाने के साथ ही सर्विस रोड निर्माण का भरोसा सेतु निगम के अधिकारियों को दिया।
बता दें कि पिछले दिनों विधायक डा. मंजू शिवाच ने हापुड़ रोड पर निर्माणाधीन आरओबी निर्माण की धीमी गति एवं साथ ही सर्विस रोड पर आये दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने इससे जिलाधिकारी को भी अवगत कराया था।
बुधवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर एसडीएम अजीत कुमार सिंह ने मोदीनगर तहसील में निर्माण से संबंधित सभी विभागों की बैठक बुलाई। बैठक में सेतु निगम, नगर पालिका परिषद, पुलिस समेत सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार बैठक में आरओबी निर्माण कंपनी का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था, इसे ठेकेदार की हठधर्मिता माना गया। इस स्थिति पर एसडीएम मोदीनगर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने के निर्देश सेतु निगम के अधिकारियों को दिये।
इसके साथ ही बैठक में नगर पालिका की तरफ से कहा गया कि दोनों तरफ नाले का निर्माण पालिका जल्द करवा देगी, वहीं ठेकेदार के न आने पर सेतु निगम के अधिकारियों ने कहा कि सर्विस रोड समेत अन्य आवश्यक कार्यों को वे जल्द से जल्द करवा देंगे। इसके साथ ही सेतु निगम ने ठेकेदार कंपनी के खिलाफ कार्यवाही का भरोसा भी बैठक में दिया।

ब्लैक लिस्ट होने की जानकारी मिली तो जागी निर्माण कंपनी

सूत्रों के अनुसार बैठक की जानकारी ठेकेदार कंपनी को मिली कि कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी हो रही है। इसके बाद कंपनी ने उत्तर प्रदेश राज्य सेु निगम के अधिकारियों से संपर्क कर भरोसा दिया कि गुरूवार से ही काम में तेजी लाई जायेगी तथा सर्विस रोड समेत अन्य सभी कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जायेगा।

जिलाधिकारी के निर्देश पर आरओबी निर्माण से जुड़े सभी विभागों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भी भेजी जा रही है। निर्माण कंपनी के कामों की धीमी गति एवं लोगों में नाराजगी की बात सभी के समक्ष रखी गई। अब सेतु निगम के अधिकारियों ने अवगत कराया है कि निर्माण कंपनी ने गुरूवार से काम में तेजी लाने का भरोसा दिया है।
अजीत कुमार सिंह

एसडीएम मोदीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *