Dainik Athah

फिट इंडिया का सपना साकार होगा : राजभूषण


अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली।
केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी ने कहा कि फिट इंडिया का सपना शीघ्र ही साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार उस दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है, जिससे गरीब भी बेहतर चिकित्सा का लाभ ले पा रहा है।


श्री चौधरी यहां कांस्टीट्यूशन क्लब के मावलंकर हॉल में मेड स्केप इंडिया द्वारा आयोजित फिट इंडिया कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के आयोजन में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजमेंट (आईआईएसएसएम) की भी अहम भूमिका रही।


समारोह को संबोधित करते हुए फिट इंडिया कॉनक्लेव 2026 की संयोजिका डॉ सुनीता दुबे एवं एसआईएस अलार्म एंड मोनेटरिंग रिस्पांस सर्विस के सीईओ शंकर सुब्रह्मण्यम ने मेडस्केप इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में प्रोजेक्ट रेड फ्लैग की शुरूआत करते हुए कहा कि यह तकनीक और पैनिक बटन आधारित इमरजेंसी रिस्पांस समाधान है। इसे अस्पतालों, क्लीनिकों और स्वास्थ्य सुविधाओं में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट रेड फ्लैग स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक व्यावहारिक सुरक्षा ढांचा है।
कॉन्क्लेव में डॉक्टरों के अनुभवों, स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियों, मानवीय संवेदनाओं, युवा चिकित्सकों की जिम्मेदारियों और हेल्थकेयर इनोवेशन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वालों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह को केन्द्रीय समाज कल्याण और अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन, पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी, सांसद शिवाजी कलगे, नेशनल मेडिकल कमिशन के अध्यक्ष डॉ अभिजात सेठ, डाल्फिन हेल्थकेयर के डायरेक्टर डॉ नीरज दुबे, आईआईएसएसएम के उपाध्यक्ष अभिषेक वर्मा, एसआईएस की उपाध्यक्ष रुचिरा लाल और मारवाह स्टूडियो के निदेशक संदीप मारवाह ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *