Dainik Athah

जिले के पदाधिकारियों के साथ ही दो अन्य नेताओं पर लग रहे आरोप

भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में आखिर किसने बिगाड़ा माहौल

महिला नेता द्वारा मुद्दा उठाने पर कुछ पदाधिकारियों के साथ ही अन्य ने बिगाड़ा माहौल

बंद कमरे में होनी थी बात, लेकिन योजनाबद्ध तरीके से नहीं होने दी गई बैठक

अथाह संवाददाता
मोदीनगर
। मोदीनगर में भारतीय जनता पार्टी के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में हंगामा हो गया। सुनियोजित साजिश के तहत किये हंगामे के चलते बंद कमरे में होने वाली बैठक भी रद्द हो गया।
बता दें कि मोदीनगर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप लगाया था। इस मामले में मोदीनगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज है। इस मामले को लेकर पार्टी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ ही प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से भी कई बार मुलाकात की। दोनों के आश्वासन के बावजूद अब तक जिलाध्यक्ष पर कार्यवाही न करने का आरोप है।
मंगलवार को मोदीनगर में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन जब समाप्त हो गया तब महिला कार्यकर्ता एवं पुराने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपना मुद्दा क्षेत्रीय अध्यक्ष के समक्ष उठाया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान एवं विधायक मंजू शिवाच ने भरोसा दिया कि बंद कमरे में कुछ देर में बात कर लेंगे। इसे कार्यकर्ताओं ने मान लिया, लेकिन एक कार्यकर्ता ने मंच पर चढ़कर उल्टा सीधा बोलना शुरू कर दिया, जिसके बाद हंगामा हो गया। इतना ही नहीं लोनी निवासी जिला मंत्री मनीष डागर ने भी पुराने लोगों को उल्टा सीधा कहा तो मामला और बिगड़ गया। इसी दौरान हाथापाई भी हुई।
आरोप है कि बंद कमरे में बैठक के लिए जाने की तैयारी हो रही थी इसी दौरान मोदीनगर गन्ना समिति के अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक चेयरमैन क्षेत्रीय अध्यक्ष को यह कहते हुए वहां से ले गये कि अब कोई बात नहीं होगी। जिससे पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं में गुस्सा बढ़ गया। एक पुराने और बुजुर्ग कार्यकर्ता ने जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों को जमकर बुरा भला कहा।
इस मामले को लेकर पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं में जिले के पदाधिकारियों के खिलाफ रोष है। इस दौरान एक महामंत्री वहां से चुपके से निकल कर गायब हो गये। अब आगे देखना है कि क्या होता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *