आज उत्तर प्रदेश घोषणाओं का नहीं, परिणामों का प्रदेश बना है
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के. लक्ष्मण ने मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यात्रा की बात कर रहें है। मोदी को 2014, 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने चुनकर साफ कर दिया है कि देश सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम देखता है और इसी जन-विश्वास की बदौलत आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। मोदी सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक उत्थान है।
डा. के लक्ष्मण ने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि इसे एक जनआन्दोलन बना दिया है। सरकार का एक ही लक्ष्य है कि हर योजना का शत प्रतिशत लाभ पंक्ति में खडे़ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। इसी का नतीजा है कि बीते सालों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मान और मॉर्निग कंसल्ट के सर्वे में 75 प्रतिशत अपू्रवल रेटिंग के साथ दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बनना, हर एक भारतीय के लिए सम्मान की बात है।
डा. के लक्ष्मण ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा का संकल्प आज 09 वर्ष पूर्ण कर रहा है। जनता जनार्दन का आभार, पार्टी के देवतुल्य कार्यकतार्ओं का अभिवादन। 2017 में नरेंद्र मोदी के विजन के साथ सुरक्षा, सुशासन और विकास की नई यात्रा शुरू हुई। आज उत्तर प्रदेश नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के रूप में एक मॉडल के रूप में देश के सामने है। 2017 का जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, व्यवस्था परिवर्तन का स्पष्ट संदेश था। इन 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास, बीमारू से विकासशील की ऐतिहासिक यात्रा तय की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णायक, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज, पारदर्शी नीति व प्रशासन तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ की गारंटी सुनिश्चित की है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश घोषणाओं का नहीं, परिणामों का प्रदेश बना है। योगी सरकार ने अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई और आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है। यूपी में कानून व्यवस्था ही निवेश और विकास का सबसे बड़ा आधार है। अंत्योदय एवं गरीब कल्याण मूल मंत्र से सरकार हर जरूरतमंद को लाभ, बिना भेदभाव के 15 करोड लोगों को मुफ्त राशन पहुंचा रही है। प्रदेश में 5.60 करोड आयुष्मान कार्ड, 09 करोड को आयुष्मान बीमा कवर, 01 करोड निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को हर महीना, 1000 रुपए की पेंशन और अब अगले महीने से यह 1500 होने जा रही है। गरीब अब योजना का लाभार्थी नहीं विकास का सहभागी बना है।
