Dainik Athah

शमशान घाट का लेंटर गिरने का मामला:डेढ़ से दो माह पूर्व शमशान घाट पर हुआ था निर्माण कार्य पूर्ण

शमशान घाट का लेंटर गिरने से अंतिम संस्कार में गये 23 की मौत, 38 घायल

भाजपा के पूर्व एमएलसी के साथ ही अनेक नेताओं का भी करीबी ठेकेदार

नगर पालिका के जेई समेत लोनिवि के एई एवं अधिशासी अभियंता पर भी गिर सकती है गाज

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उखलारसी शमशान घाट के जीर्णोद्धार के लिए धन की मंजूरी जिला योजना से हुई थी। निर्माण कार्य का भुगतान भी ठेकेदार प्राप्त कर चुका है। ठेकेदार को भाजपा के पूर्व एमएलसी के साथ ही अनेक नेताओं का करीबी माना जाता है। अब इस मामले में नगर पालिका जेई के साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।

सूत्रों के अनुसार शमशान घाट के जीर्णोद्धार के लिए जिला योजना से 55 लाख रुपये मंजूर हुए थे। मंजूरी जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने दी थी। इसके बाद अजय त्यागी नामक ठेकेदार ने इसका ठेका लिया था। इस मामले में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने का मामला शामने आ रहा है। अजय त्यागी के साथ ही मुरादनगर नगर पालिका का जेई एवं निर्माण को सही बताने वाले लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता एवं अधिशासी अभियंता ने भी बिलों पर हस्ताक्षर किये थे। वे भी अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। ठेकेदार को भाजपा के पूर्व एमएलसी के साथ कई नेताओं का खास माना जाता है।

इस मामले में जब ठेकेदार को फोन किया गया तो उसका फोन बंद था। वहीं जेई सीपी सिंह जिनके पास मुरादनगर नगर पालिका जेई का अतिरिक्त चार्ज है को फोन मिलाया गया तो पहले फोन उठा नहीं, लेकिन बाद में बंद मिला।

नगर निगम बिल्डर एसोसिएशन का अध्यक्ष है ठेकेदार
बताया जाता है कि ठेकेदार अजय त्यागी गाजियाबाद नगर निगम बिल्डर एसोसिएशन का अध्यक्ष है। गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में भी उसके द्वारा कई निर्माण कार्य किये गये हैं। उनकी जांच भी अब आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *