Dainik Athah

Ghaziabad(Muradnagar): शमशान घाट का लेंटर गिरा ,अंतिम संस्कार में गये 23 की मौत, 38 घायल

एनडीआरएफ, पुलिस व ग्रामीणों ने चलाया बचाव कार्य

विधायक, डीएम, एसएसपी, मंडलायुक्त, आईजी समेत अन्य अधिकारी मौके पर

अथाह संवाददाता
मुरादनगर (गाजियाबाद)।
मृतक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में गये 23 लोगों की मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्र में स्थित उखलारसी शमशान घाट का लेंटर गिरने से मौत हो गई। जबकि 38 लोग जिंदगी एवं मौत के बीच झूल रहे हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने 19 लोगों के मरने की पुष्टि की है। बरसात के बीच राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ, पुलिस, फायर बिग्रेड की टीमों के साथ ही गांव के लोग भी जुटे।
मौके पर विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारी लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतक आश्रितों को दो- दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने पूरी घटना पर मेरठ मंडलायुक्त एवं एडीजी से रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिये हैें। घटना की जानकारी मिलने पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी घटनास्थल के साथ ही जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचे।

जानकारी के अनुसार मुरादनगर की दयानंद कालोनी निवासी दयाराम की बीती रात बीमारी के चलते मृत्यु हो गयी थी। उनके अंतिम संस्कार में एक सौ से ज्यादा मोहल्लेवासी व रिश्तेदार शामिल हुए थे। अंतिम संस्कार के दौरान गायत्री मंत्र के साथ ही सभी लोग श्मशान घाट स्थल पर शांति पाठ कर रहे थे। इसी दौरान एक तरफ की जमीन धंस गयी। परिणामस्वरूप दीवार नीचे बैठ गयी और लेंटर गिर गया। किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला।

घटना के साथ ही चीख पुकार की स्थिति मच गई। इसके साथ ही मुरादनगर पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर बिग्रेड एवं एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। घटना स्थल पर सूचना मिलते ही विधायक अजीत पाल त्यागी एवं एसडीएम आदित्य प्रजापति पहुंचे। इनके बाद जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, तहसीलदार उमाकांत तिवारी मौके पर पहुंच गये। इनके बाद मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, आईजी प्रवीण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गये। घटना में 23 लोगों की मौत हो गई एवं 38 लोग घायल है जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने 19 लोगों के मरने की पुष्टि की है।

मरने वालों में सात एक ही गली के
शमशान घाट पर मरने वालों में सात लोग संगम विहार की एक ही गली के बताये जा रहे हैं। घटना के बाद दयानंद कालोनी एवं संगम विहार में रह रह कर घरों से चीख पुकार की आवाज आ रही है।

घटनास्थल पर चीखपुकार का आलम
रविवार को सुबह से ही भारी बरसात हो रही थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। जैसे ही घटना घटी मौके पर चीखपुकार मच गई। जो बचे थे उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बचाव एवं राहत कार्य में बरसात के कारण भी परेशानी उत्पन्न हुई।

दिल्ली- मेरठ हाइवे पर लगा रहा जाम
मुरादनगर के उखलारसी शमशान घाट पर हुई दुर्घटना के बाद दिल्ली- मेरठ हाइवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। शमशान घाट हाइवे के नजदीक होने के कारण सड़क पर भारी भीड़ थी। इसके बाद मोदीनगर में राज चौराहे से यातायात को हापुड़ की तरफ डायवर्ट किया गया।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, दो- दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा
मुरादनगर की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में मंडलायुक्त एवं एडीजी मेरठ से रिपोर्ट तलब की है। इसके साथ ही उन्होंने मृतक आश्रितों को दो- दो लाख रुपये ही सहायता देने की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि घटना में दोषी पाये गये लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

जरनल वीके सिंह ने किया घटनास्थल एवं अस्पताल का दौरा
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने जिला अस्पताल एवं घटनास्थल का दौरा कर घायलों का हालचाल पूछा। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घटना में 19 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। उन्होंने से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करने के बाद कहा कि घटना में जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उनके मीडिया सलाहकार अश्वनी शर्मा ने बताया कि जनरल वीके सिंह ने कहा कि उनकी संवेदना मृतकों एवं घायलोें के साथ है।

जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो: अजीत पाल त्यागी
मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी को जैसे ही घटना की जानकारी मिली वे तत्काल मौके पर पहुंच गये। पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी भी उनके बाद मौके पर पहुंचे थे। बचाव व राहत कार्य के दौरान वे पूरे समय मौके पर रहे। इसके साथ ही उन्होंने जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों को शांत्वना दी। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि इस घटना में जो भी दोषी हो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य में जो भी शामिल है वे इन लोगों की हत्या के दोषी है। इन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि घायलों एवं मृतक आश्रितों को सहायता के संबंध में वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री अतुल गर्ग को भेजा मौके पर
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग को मौके पर भेजा। इसके साथ ही उन्होंने घटना के संबंध में स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

नगर पालिका चेयरमैन विकास तेवतिया ने जताया दुख
घटना की जानकारी मिलने पर मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन विकास त तेवतिया ने आडिया संदेश भेजकर घटना पर ख जताया है। उन्होंने कहा कि वे शहर से दो- तीन दिन से बाहर है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कड़ी कार्रवाई की मांग की हैञ।।

Ghaziabad(Muradnagar)

Ghaziabad(Muradnagar)

Ghaziabad(Muradnagar)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *