Dainik Athah

21 विभागों में विभिन्न पदों पर चयनित 932 अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र

सीएम योगी ने नवचयनितों की हौसलाअफजाई की, कहा- जो यूपी में सफल, वह हर जगह सफल

मिशन रोजगार

युवाओं से बोले सीएम-आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
योगी सरकार के मिशन रोजगार के अंतर्गत सोमवार को 21 विभागों में विभिन्न पदों पर 932 युवा शामिल हुए। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के अंतर्गत चयनित युवाओं को सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। लोकभवन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनितों के चेहरे खिल उठे। सीएम योगी ने नवचयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के लिए उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग को बधाई दी। चयनित अभ्यर्थियों की हौसला अफजाई करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो भी अधिकारी व कर्मचारी भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में यूपी के अंदर काम कर लेगा, देश-दुनिया में उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। जो यूपी में सफल है, वह हर जगह सफल है, क्योंकि 25 करोड़ आबादी का यूपी अलग-अलग परिस्थितियों में काम करता है और सम-विषम परिस्थितियों में परिणाम भी देता है। आप सभी को ऐसे राज्य में कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए
सीएम ने चयनित युवाओं से कहा कि यह आपके, माता-पिता, अभिभावक, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों के लिए खुशी का पल है। आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए। जिस पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है,शासन भी सर्विस कालखंड के दौरान उसी पारदर्शी व शुचितापूर्ण कार्यपद्धति की अपेक्षा करता है। जो कार्य आज करना है, उसे आज ही करने की आदत डालनी पड़ेगी। पहले 10 वर्ष में जो मेहनत कर पाएंगे, वह आपके आगे के 30-35 वर्ष के सेवाकाल व उसके बाद के कार्यकाल के लिए भी मजबूत नींव होगी। परिश्रम व्यक्ति को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाता है। आपका परिश्रम ईमानदार व्यवस्था के साथ जुड़ता है तो परिणाम आता है। यही परिणाम आगे भी परिश्रम का आधार बनेगा तो वह जीवन भर सुखद अनुभूति का अहसास कराएगा।

सिफारिश और लेन-देन से चयनित व्यक्ति प्रगति नहीं, दुर्गति कराएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा, व्यवस्था और कार्ययोजना क्या है। उसे इंप्लीमेंट करने के लिए भर्ती आयोग व बोर्ड की कार्यपद्धति उदाहरण बनती है। अगर भर्ती प्रक्रिया ही पारदर्शी व शुचितापूर्ण न हो तो जिन लोगों का चयन होगा, उनसे ईमानदारी से परिणाम देने, प्रदेश की गति को प्रगति व समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देने की बात दिवास्वप्न ही होगी। गति को प्रगति की ओर वही ले जा सकता है, जिसका ईमानदारी से चयन हो और जिसने परिश्रम-मेहनत से स्थान प्राप्त किया है। सिफारिश और पैसे के लेन-देन से चयनित व्यक्ति प्रगति नहीं, दुर्गति कराएगा। 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में यही होता था।

आपने देखी है परीक्षा व परिणाम की शुचितापूर्ण व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर ईश्वर की असीम कृपा है। यह एमएसएमई का दुनिया का बेहतरीन आधार रखने वाला प्रदेश है, लेकिन सबसे बड़ी आबादी का युवा राज्य बीमारू व पहचान के लिए मोहताज हो गया था। उत्तर प्रदेश का युवा बाहर जाता था तो पहचान छिपाता था, लेकिन आपकी पीढ़ी सौभाग्यशाली है। जब प्रदेश इस व्यवस्था से निकला तो आपकी आयु 10-15 वर्ष रही होगी। आप मां-बाप, भाई-बहन की अंगुली पकड़कर स्कूल जाते होंगे। आप सौभाग्यशाली हैं कि आपको नकल विहीन परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हुआ। आपने स्कूली शिक्षा, विश्वविद्यालय, प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम के साथ ही चयन प्रक्रिया की शुचितापूर्ण व्यवस्था भी देखी है, लेकिन 2017 से पहले यह संभव नहीं था।

अब आप ट्रेनिंग में जाएंगे, फिर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंच पर सीमित लोगों को ही बुलाकर नियुक्ति पत्र दिया गया। सभी 932 अधिकारी सीधे नियुक्ति पत्र पाने के अधिकारी हैं, लेकिन समय की सीमा है। हमने विभागीय मंत्रियों को प्रतिनिधि के रूप में रखा। यह वह टीम है, जो पीएम के विजन को अपने विभागों में इंप्लीमेंट करने के लिए कार्यक्रमों को लागू करती है। अब आपको मशीनरी के रूप में कार्य करना है। अभी आप ट्रेनिंग में जाएंगे, फिर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे।

यदि प्रतिभा ही पलायन कर जाती तो विकास कौन कराता
सीएम योगी ने कहा कि 9 वर्ष में 9 लाख से अधिक नौजवानों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। यह नौजवान नियुक्ति पत्र प्राप्त नहीं कर पाते, यदि अच्छी सरकार नहीं होती। लोकतंत्र में अच्छी सरकार का यही लाभ है। 9 लाख नौजवानों और युवा शक्ति को अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी-रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के साथ ही हमने उनकी प्रतिभा का लाभ नहीं लिया होता तो यूपी जैसे राज्य को बीमारू राज्य की श्रेणी से उभारकर भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में प्रस्तुत नहीं कर पाते, क्योंकि जब प्रतिभा ही पलायन कर जाती और युवाओं को प्रदेश में कार्य का अवसर नहीं मिलता तो विकास कौन कराता।

राजनीतिक विजन को धरातल पर उतारने का कार्य करता है तंत्र
सीएम योगी ने कहा कि सिर्फ हमारे योजना बनाने से ही परिणाम नहीं आएगा। शासन योजनाएं बनाता है, लेकिन योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करने का जो तंत्र होता है, वह प्रशासन व अलग-अलग विभागों का होता है। अलग-अलग विभागों को अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करना है, परिणाम वहां से आते हैं। परिणाम को लाने की जवाबदेही-जिम्मेदारी इसी तंत्र पर होती है, जो राजनीतिक विजन को धरातल पर उतारने का कार्य करता है। 2017 के पहले यह सपना था, इसलिए वह प्रदेश के युवाओं के सपने को धराशायी रखता था। यहां का किसान आत्महत्या, कारीगर हताश-निराश होकर घर बैठकर जहां-तहां हाथ पैर मारने को मजबूर होता था। नागरिकों के सामने पहचान का संकट था।

9 साल की यात्रा में चुनौतियां भी थीं, लेकिन हमने उनका मुकाबला किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 साल की शानदार यात्रा में भी चुनौतियां थीं, लेकिन हमने उनका सफलतापूर्वक मुकाबला किया और टीम भावना से परिणाम भी लाया। 9 वर्ष में यूपी की अर्थव्यवस्था व प्रति व्यक्ति आय को तिगुना करने में सफलता हासिल की। यूपी को अब कोई बीमारू नहीं कह सकता। यूपी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर भारत के विकास में अग्रिम भूमिका के साथ खुद को खड़ा कर रहा है। हमने यूपी को बॉटम-3 से टॉप-3 राज्यों में पहुंचाया है।

लोगों को लगता था कि न जाने क्या होगा, हमने कहा कि वेरीफिकेशन होने दीजिए, नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित युवाओं से कहा कि अब आपकी ट्रेनिंग होगी, फिर फील्ड में काम करने का अवसर मिलेगा। आप सभी सुखद अनुभूति कर रहे होंगे, क्योंकि कई लोगों को लगता था कि न जाने क्या होगा। हमने कहा कि एक बार वेरीफिकेशन होने दीजिए, नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। सीएम ने नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही आगे की प्रक्रिया बढ़ाने के लिए नियुक्ति व कार्मिक विभाग को भी धन्यवाद दिया।

2017 के पहले गलती शासन की थी, लेकिन खामियाजा पूरा प्रदेश भुगतता था
सीएम ने नवचयनितों से कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्य करना गौरव की बात है। अपने परिवार के वरिष्ठों से 2017 के पहले के हालात के बारे में पूछिए, उत्तर प्रदेश बताने पर सामने वाला व्यक्ति 10 कदम पीछे चला जाता था। वह यूपी के नागरिकों से संवाद बनाने में संकोच करता था, क्योंकि उसे लगता था कि यूपी में कुछ अच्छा नहीं हो रहा है। गलती शासन की थी, लेकिन खामियाजा पूरा प्रदेश भुगतता था। नौजवान, व्यापारियों, नागरिकों के सामने संकट था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। आज देश-दुनिया में कहीं भी जाएंगे तो लगेगा कि शासन का कार्यपद्धति अच्छी होती है तो परिणाम किस रूप में आता है। आपने आज किसी से बता दिया कि हम यूपी से हैं तो उसके चेहरे पर चमक होगी। वह आपसे गले मिलना चाहेगा। यह चमक यूपी की सफलता की चमक है और यूपी की सफलता को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में आप सभी को मिलकर कार्य करना है। सीएम ने नवचयनित अभ्यर्थियों से विश्वास जताया कि आप यूपी के विकास व प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने में तत्परता से योगदान देंगे।

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, योगी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, दयाशंकर सिंह, रविंद्र जायसवाल, बलदेव सिंह औलख, विजय लक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *