अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा नाटकबाज पार्टी है। नकारात्मक प्रचार करती है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश करती है। भाजपा राजनीतिक पार्टी नहीं गैंग है। निर्दोष लोगों को पुलिस से फंसाती है, परेशान करती है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा हताश और बौखलायी हुई हैं इसीलिए अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रही है। वह जनता का भरोसा खो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा लाख षडयंत्र कर ले इस बार प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का निर्णय कर चुकी है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। 2027 के चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सनातन विरोधी है। मेरे मंदिर से जाने के बाद भाजपा के लोगों ने उसे गंगाजल से धुलवाया था। भाजपा सरकार में पूज्य शंकराचार्य जी को अपमानित किया। उनके खिलाफ झूठे मुकदमे कराये। उन्होंने कहा कि कार्यकतार्ओं को मर्यादित आचरण करना चाहिए। व्यवहार और भाषा अच्छी होनी चाहिए। धैर्य और अनुशासन के साथ काम करना है।
यादव ने कहा कि भाजपा से सावधान रहना है। भाजपा सोशल मीडिया का दुरूपयोग करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी, भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। डीजल, पेट्रोल, गैस सब महंगा हो गया है। भाजपा सरकार ने पूरी अर्थव्यवस्था को तहस नहस कर दिया। भाजपा के मंत्री वाहनों की संख्या कम करने को लेकर गुमराह कर रहे है। समाजवादी पार्टी सरकार में साइकिल ट्रैक बनाया गया था जिससे साइकिल चलाने को बढ़ावा मिल रहा था। लेकिन भाजपा सरकार ने साइकिल ट्रैक बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा का कोई विजन नहीं है। वह समाज को आपस में लड़ाती है। भाजपा विकास विरोधी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि गांवों का विकास होना चाहिए। गांवों में सभी आधुनिक सुविधाएं होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी की सरकार में स्मार्ट विलेज बनाये जाएंगे। गांवों का हर तरह से विकास होगा। इस अवसर पर दर्जनों गांवों के प्रधानों ने श्री अखिलेश यादव से भेंट की। मुलाकात के लिए आये नेताओं और कार्यकतार्ओं ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
