Dainik Athah

भाजपा के दस नम्बरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के दस नम्बरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है। भाजपा वोट की लूट करके लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लोकतंत्र को खत्म करने के लिए एक विचारधारा विशेष के अधिकारियों, मुनाफाखोर धन्ना सेठों और ठेकेदारों का डेमोक्रेटिक क्राईम गैंग बन गया है। ये सब मिलकर काम कर रहे हैं। जनता के अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता दीदी ने विधानसभा चुनाव में जिस तरह के हालात का सामना किया, उसी तरह 2022 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ हुआ था। तमाम बूथों और विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केन्द्रों में केन्द्रीय बलों को लगाकर पोलिंग बूथों से एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया। लाठी मारकर भगाया गया था और कई विधानसभा सीटें छीन ली थी। रिवाल्वर दिखाकर महिलाओं को वोट देने से रोका गया था।


यादव ने कहा कि भाजपा मतगणना नहीं मनगणना करवाती हैं पहले से ही तय हो जाता है कि किसे जिताना है। उसी के लिए मनगणना होती है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तत्काल पश्चिम बंगाल मतगणना में हुई धांधलियों का संज्ञान ले और मतगणना के सीसीटीवी देश के सामने उपलब्ध कराये। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट की सुनवाई प्रक्रिया लाइव हो सकती है तो वोटों की गिनती की प्रक्रिया लाइव क्यों नहीं हो सकती है? श्री यादव ने कहा कि मतगणना सीसीटीवी के सामने लाइव होनी चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मल्टीलेयर भ्रष्टाचार करके वोटों की लूट कर रही है। भाजपा वोट की डकैती करती है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में भाजपा की वोटो की डकैती को पकड़ा था। 2019 में जिन लोगों ने वोट डाला था 2022 के चुनाव में उनका वोट कटवा दिया गया। समाजवादी पार्टी ने ऐसे 18 हजार वोटरों का शपथ पत्र बनवा कर चुनाव आयोग को भेजा, आयोग ने वोट काटने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। समाजवादी पार्टी को ही नोटिस भेज दिया जब पार्टी ने पूरे साक्ष्य उपलब्ध कराये तो भी आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। छिबरामऊ, तिर्वा, शाहगंज विधानसभा क्षेत्रों में जितने वोट से समाजवादी पार्टी को हराया गया था उससे ज्यादा वोट पहले ही काट दिए गए थे।
यादव ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की अराजकता को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि भाजपा बहुत गलत परम्परा डाल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ड्राई क्लीन की दुकान है। अपने फायदे के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। सीबीआई और ईडी के छापे डलवाती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *