Dainik Athah

भाजपा जैसी ‘अनुशासित’ पार्टी में महिला उपाध्यक्ष पर ही सहकर्मी का अश्लील हमला

मोदीनगर थाने पर BJP कार्यकर्ताओं का हंगामा, सख्त कार्रवाई की मांग

अथाह संवाददाता

गाजियाबाद, मोदीनगर: भाजपा की ‘अनुशासित’ छवि को झकझोरते हुए एक महिला जिला उपाध्यक्ष ने अपने ही पार्टी के सहकर्मी जिला उपाध्यक्ष पर अश्लील व्हाट्सएप चैट भेजने का गंभीर आरोप लगाया। बुधवार को मोदीनगर थाने में दर्ज शिकायत के बाद दर्जनों भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया और आरोपी के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।पीड़िता, जो भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष हैं, ने तहरीर में साफ कहा कि आरोपी ने उन्हें आपत्तिजनक मैसेज और अश्लील चैट भेजकर अभद्रता की। दोनों ही भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पद पर हैं, जिससे संगठन के अंदरूनी कलह की पोल खुल गई है।

थाने पहुंची महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ‘अभद्र भाजपा नेता मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया।मोदीनगर एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया, “तहरीर मिली है, जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।” लेकिन कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा। सवाल उठ रहा है कि क्या BJP अपनी ‘नारी शक्ति’ की दुहाई देने वाली पार्टी में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएगी, या आंतरिक गुटबाजी फिर हावी हो जाएगी?यह घटना भाजपा की उस छवि पर सवाल खड़े करती है, जहां मोदी-शाह की अगुवाई में अनुशासन का दावा किया जाता है। पीड़िता की शिकायत पर अब पुलिस की नजर है—क्या आरोपी को पार्टी लाइन पर बचाया जाएगा या कानून सबके लिए बराबर?

भाजपा हमेशा नारी समान की पक्षधर: डा मंजू शिवाच


भाजपा जिला उपाध्यक्ष द्वारा अपनी ही पार्टी की सम्मानित महिला के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी व अश्लील मैसेज को मोदी नगर विधायक डा मंजू शिवाच ने बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा भाजपा हमेशा महिलाओं के सम्मान की पक्षधर रही है। ऐसे में एक जिम्मेदार कार्यकर्ता की ऐसी हरकत किसी तरह क्षमा योग्य नहीं है। वो खुद क्षेत्र की महिला विधायक हैं कैसे कैसे उन्होंने महिलाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत किया इन हालातों में यदि कोई पार्टी का ही नेता इस तरह की अपमान जनक भाषा का प्रयोग कर किसी भी महिला को मानसिक पीड़ा पहुंचाता है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस मामले से जिलाध्यक्ष को अवगत कराते हुए कहा है कि ऐसे लोगों की संगठन में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *