पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में जीत पर
भाजपा की विजय नए भारत की जनभावना का स्पष्ट प्रतिबिंब है: केशव मौर्य

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली अभूतपूर्व सफलता पर उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आज जोरदार उत्सव मनाया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में पार्टी कार्यकतार्ओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए, आतिशबाजी कर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, रामप्रताप सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, हीरो बाजपेयी, मनीष शुक्ला, संजय चौधरी, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित व सहप्रभारी अतुल अवस्थी व चौधरी लक्ष्मण सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्वि़वेदी, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा के साथ अन्य पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की विजय नए भारत की जनभावना का स्पष्ट प्रतिबिंब है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को इस सफलता का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि देश की जनता अब विकास और सुरक्षा की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की जनता ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए भाजपा के सुशासन मॉडल पर मुहर लगाई है। उन्होंने कार्यकतार्ओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इन चुनाव परिणामों को भारतीय लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह स्थिरता, विकास और मजबूत नेतृत्व चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसका परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है।
