भाजपा प्रदेश अध्यक्ष- संगठन महामंत्री ने दी शुभकामनाएं
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को-आॅपरेटिव संघ के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक विजय हासिल की है। संघ के सभापति, उपसभापति सहित सभी संचालक पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने निर्विरोध विजय प्राप्त की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने नव निर्वाचित सभापति चौधरी शिवेन्द्र सिंह एवं उपसभापति ब्रज किशोर गुप्ता सहित सभी संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को-आॅपरेटिव संघ विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित संचालकों रामनिवास यादव, बालेन्द्र प्रताप सिंह, धनंजय कुमार सिंह, शिवदत्त नारायण सिंह, अभय सिंह, हरिओम मिश्रा, सुरेश गंगवार, जयवीर सिंह सिरोही, दिवाकर मिश्रा, शारदा चौधरी, आकांक्षा सोनकर एवं ऊर्षा मौर्या को भी विजय की बधाई दी है।
पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को-आॅपरेटिव संघ के चुनाव में भाजपा समर्थित सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध चयन यह दशार्ता है कि प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था में भाजपा के प्रति व्यापक विश्वास और समर्थन है। यह विजय केवल एक संगठनात्मक सफलता नहीं, बल्कि प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से समावेशी विकास के प्रति जनता की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त करने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहकारिता संस्थाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे सहकारिता की भावना को मजबूत करते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देंगे तथा आमजन के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पार्टी कार्यकतार्ओं की अथक मेहनत, अनुशासन और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सहकारिता को जनसेवा का सशक्त माध्यम माना है और इसी भावना के साथ संगठन ने कार्य किया है। उन्होंने कहा कि निर्विरोध चुनाव यह दशार्ता है कि भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर सभी वर्गों का विश्वास बढ़ा है। नव-निर्वाचित पदाधिकारी निश्चित रूप से संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता एवं जनकल्याण के नए मानक स्थापित करेंगे।
