केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं की प. बंगाल से वापसी के बाद
पहले अमित शाह ने वापस कर दी थी प्रदेश कमेटी
भाजपा का पूरा ध्यान पश्चिमी बंगाल में जीत पर
अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश की नयी टीम का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की वापसी अब शुरू हो गई है ऐसे में टीम के ऊपर मुहर भी जल्द ही लग सकती है। हालांकि 29 तक शाह को शायद ही समय मिल सके।
बता दें कि पिछले दिनों भाजपा की प्रदेश टीम की घोषणा के लिए पहले प्रदेश में राष्टÑीय महासचिव विनोद तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मैराथन बैठकें की थी। इसके बाद दिल्ली में राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्टÑीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्टÑीय महासचिव विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने लंबी मंत्रणा करने के बाद प्रदेश की टीम नयी टीम तैयार की थी। यह टीम पूरी तरह से नयी थी और पुरानों को हटा दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार भाजपा का प्रदेश नेतृत्व नयी टीम को लेकर जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास पहुंचे। टीम को देखने के बाद अमित शाह ने पूछा कि क्या पूरी टीम नयी है, कोई पुराना पदाधिकारी नहीं रखा?। इस पर हां में जवाब मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि बगैर पुराने कार्यकर्ताओं के टीम कैसे काम कर पायेगी, जबकि 2027 में विधानसभा चुनाव है। उन्होंने सूची को वापस करते हुए कहा कि इसमें पुराने, कर्मठ, मेहनती कार्यकर्ताओं का समावेश किया जाये और फिर से टीम तैयार हो।
भाजपा सूत्रों के अनुसार इसके बाद अमित शाह पूरी तरह से बंगाल विजय के अभियान में लग गये। बंगाल के सामने उन्हें कोई अन्य काम देखने की फुर्सत नहीं है। सूत्र बताते हैं कि मंगलवार को अमित शाह दिल्ली आ जायेंगे, इसके बाद 29 को बंगाल में मतदान के बाद ही टीम को लेकर उनकी स्वीकृति प्राप्त की जायेगी। उम्मीद है कि मई के प्रारंभ में भाजपा कार्यकर्ताओं की नयी टीम की उम्मीद पूरी हो जाये। इसके साथ ही भाजपा को नये क्षेत्रीय अध्यक्ष भी मिल जायेंगे।
