अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद। इंदिरापुरम इलाके के अभय खंड से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी की नीयत से क्लीनिक में घुसा युवक खुद ही फंस गया। युवक छत के रास्ते अंदर तो पहुंच गया, लेकिन नीचे उतरते समय शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच बुरी तरह अटक गया, जिससे उसकी गर्दन जाम हो गई और वह लंबे समय तक वहीं लटका रहा।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन वैशाली की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने देखा कि युवक शटर और दीवार के बीच फंसा हुआ है और बाहर निकलने में असमर्थ है। युवक की पहचान अभिषेक पुत्र गणेश, निवासी बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात चोरी के इरादे से क्लीनिक में घुसा था, लेकिन संतुलन बिगड़ने से फंस गया।
फायर विभाग की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और विशेष उपकरणों की मदद से शटर को सावधानीपूर्वक हटाकर युवक को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बचा लिया गया। इसके बाद युवक को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे चोरी की कोशिश का अनोखा मामला बता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
