Dainik Athah

उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव- मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बैठकों का दौर तेज

महत्वपूर्ण बैठकों के बीच रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे राष्टÑीय महामंत्री विनोद तावड़े

मुख्यमंत्री आवास पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभ मुद्दों पर योगी आदित्यनाथ से की बात

दिल्ली से लेकर लखनऊ तक सरगर्मी तेज, दावेदारों ने दिखाई तेजी, सभी जगह नतमस्तक

प्रदेश संगठन- मंत्रिमंडल फेरबदल में नजर आ सकता है जातीय समीकरण


अशोक ओझा
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी संगठन की टीम की घोषणा एवं प्रदेश के योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच भाजपा में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे, वहीं भाजपा के राष्टÑीय महामंत्री एवं तेजतर्रार नेता विनोद तावड़े भी रविवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं।
बता दें कि इसी माह प्रदेश भाजपा की नयी टीम की घोषणा होनी है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब यह माना जा रहा है कि पंकज चौधरी की टीम घोषित होने में देरी पार्टी के लिए शुभ संकेत नहीं है। इसी बीच शनिवार को पंकज चौधरी एवं प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के बीच प्रदेश टीम के चयन एवं मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर लंबी चर्चा हुई। इसके बाद दोनों नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास 5 कालीदास मार्ग पर पहुंचे। यहां पर पंकज चौधरी की मुख्यमंत्री से दोनों मुद्दों लंबी चर्चा हुई।

जातीय समीकरण साधने की चुनौती
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी प्रदेश में पंकज चौधरी की टीम के गठन के साथ ही मंत्रिमंडल में फेरबदल के जरिये जातीय समीकरण साधने की तैयारी में है। भाजपा नेतृत्व ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को स्पष्ट कर दिया कि टीम के गठन एवं मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाये कि विरोधियों को कोई अवसर न मिल सके और इसके साथ ही किसी बिरादरी की नाराजगी भी उजागर नहीं होनी चाहिये। चाहे इसके लिए कुछ नाकारा मंत्रियों को हटाना पड़े तो हटा दिया जाये।

दागियों पर प्रहार करेंगे विनोद तावड़े
भाजपा सूत्र बताते हैं कि राष्टÑीय महामंत्री विनोद तावड़े प्रदेश टीम के गठन एवं मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए मंथन करने के लिए रविवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं। वे एक तरफ जहां प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री के साथ मंथन करेंगे, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सभी मुद्दों पर बात करेंगे। तावड़े के लखनऊ पहुंचने की खबर से भाजपा के उन नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में बेचैनी है जिनको वे दागी मानते हैं। तावड़े की सूची में प्रदेश के अनेक दागी नेताओं के नाम है।
बाक्स

निगम-बोर्डों में मनोनयन को लेकर भी चल रहा है मंथन
भाजपा सूत्र बताते हैं कि टीम पंकज चौधरी एवं मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ ही प्रदेश के निगमों एवं बोर्डों में मनोनयन कर पार्टी के नेताओं को स्थान दिया जाना है। इसके जरिये भी जातीय समीकरण साधा जायेगा। इस मुद्दे पर भी पार्टी में गंभीर रूप से मंथन चल रहा है। मुख्यमंत्री के साथ बैठकों में भी यह मुद्दा छाया रहा है। अब विनोद तावड़े से चर्चा के बाद इन सभी मामलों में केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी ली जायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *