अथाह ब्यूरो,
लखनऊ ।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह वक्तव्य न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
पंकज चौधरी ने कहा कि आजकल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष को संविधान की याद कुछ ज्यादा ही आ रही है, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि उनकी नीयत में संविधान के प्रति सम्मान नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता प्राप्ति की बेचैनी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी को जनता का समर्थन नहीं मिलता, तब-तब वह लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर अपनी राजनीतिक हताशा को छिपाने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि जब चुनाव जीतें तो व्यवस्था अच्छी और जब हार जाएं तो चुनाव आयोग खराब, यह दोहरा चरित्र अब प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। जनता ऐसे अवसरवादी और सुविधानुसार बदलने वाले राजनीतिक आचरण को स्वीकार करने वाली नहीं है।श्री चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष की वर्तमान भाषा और राजनीतिक व्यवहार यह दर्शाता है कि वे अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन से अत्यंत परेशान हैं। अपने सहयोगियों की पराजय और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर व्याप्त असुरक्षा के कारण अब वे राष्ट्र, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को भी कटघरे में खड़ा करने से नहीं हिचक रहे हैं।उन्होंने कहा कि एक ओर संविधान की दुहाई देना और दूसरी ओर चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों एवं जांच एजेंसियों जैसी संस्थाओं को लगातार निशाना बनाना, समाजवादी पार्टी की अराजक मानसिकता को उजागर करता है। यह वही राजनीति है, जिसने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की बजाय परिवारवाद, तुष्टिकरण और सत्ता-स्वार्थ को प्राथमिकता दी।
श्री चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस परिवारवादी सियासत के महल में बैठकर राजनीति कर रही है, उसकी नींव अब प्रदेश की जनता के बीच कमजोर पड़ चुकी है। उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है और भ्रम, प्रपंच तथा संस्थाओं के अपमान की राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता समाजवादी पार्टी की नकारात्मक, निराशाजनक और लोकतंत्र विरोधी राजनीति का तीसरी बार भी पूरी तरह सफाया करने के लिए तैयार है।
