Dainik Athah

जुगाड़ तंत्र से खफा संघ प्रदेश एवं केंद्रीय कमेटी पर लगायेगा ‘वीटो’

उत्तर प्रदेश भाजपा जिला कमेटियों के गठन पर उठ रहे सवाल

जो वैचारिक रूप से संघ- भाजपा से नहीं जुड़े ऐसे सत्तालोलुप नेताओं पर नहीं होगा विचार

सत्ता के बाद पार्टी में आने वालों पर कड़ी नजर, भाजपा नेतृत्व को दिया जा चुका है संदेश


अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली/ लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की घोषित जिला कमेटियों से खफा राष्टÑीय स्वयं संघ ने अब अपनी नजर टेढ़ी करनी शुरू कर दी है। संघ ने स्पष्ट रूप से भाजपा नेतृत्व को संदेश दे दिया है कि सत्तालोलुप नेताओं एवं वैचारिक रूप से संघ और भाजपा से जो लोग जुड़े हुए नहीं है ऐसे लोगों को प्रदेश एवं केंद्रीय टीम से दूर रखा जाये।


बता दें कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में भाजपा की जो जिला कमेटियां घोषित की गई है उसको लेकर संघ ने अपनी नाराजगी से भाजपा के प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करवा दिया है। इन कमेटियों में उन लोगों को तव्वजो दी गई है जो वैचारिक रूप से भाजपा एवं संघ से जुड़े हुए नहीं है। इसकी शिकायतें अधिकांश जिलों से संघ अधिकारियों के पास पहुंची है। सूत्र बताते हैं कि जिन नामों की संघ की तरफ से सिफारिश की गई उन लोगों के समायोजन में जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने ना नुकुर की थी। वह केवल इसलिए कि वे अपने खास लोगों को कमेटियों में स्थान दिलवा सकें।


उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों अप्रैल से लेकर फरवरी तक को चुनावी वर्ष माना गया है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। इस कारण संघ की नजर भाजपा को लेकर टेढ़ी हो गई है। संघ क्या चाहता है इसका संकेत राष्टÑीय एवं प्रदेश नेतृत्व को दिया जा चुका है।
सूत्रों की मानें तो संघ ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि यदि प्रदेश एवं केंद्रीय टीम में सत्तालोलुप तथा जो वैचारिक रूप से संघ- भाजपा के साथ नहीं जुड़े हैं ऐसे लोगों को किसी भी हालत में टीम न रखा जाये। इसके साथ ही संघ का मानना है कि राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में युवा टीम तैयार करनी है। यह टीम ऐसी हो जो अगले 15 से 20 साल तक पार्टी का नेतृत्व करें, ऐसे में यदि सत्तालोलुप लोगों एवं जिनकी विचारधारा अलग है ऐसे लोगों को स्थान दिया गया तो यह भाजपा के भविष्य के लिए उचित नहीं होगा।


संघ नेतृत्व का स्पष्ट रूप से मानना है कि टीम युवा होने के साथ ही ऐसी हो जिसके नेतृत्व में भाजपा राजनीति में नये आयाम गढ़े। यहीं टीम आने वाले दो दशक में बगैर थके और बगैर रूके पार्टी का नेतृत्व कर सके। संघ ने अपना संदेश पार्टी के सभी बढ़े बड़े नेताओं को दे दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *