अथाह ब्यूरो लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की जिम्मेदारी पीडीए की है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का संविधान, डॉ. राममनोहर लोहिया के सिद्धांत और श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव का संघर्ष के रास्ते समाजवादी पार्टी चल रही है। समाजवादी अन्याय के विरूद्ध डटकर मुकाबला करते हैं। संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादी और पीडीए मिलकर लड़ेगा। समाजवादी सरकार बनने जा रही है इसलिए भाजपाई घबराये हुए हैं। यादव ने कन्नौज में एक कार शो-रूम के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने शोरूम मालिकों को उनके नए उद्यम के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हम चाहते है जल्दी से जल्दी युद्ध खत्म हो। हम समाजवादी लोग युद्ध के खिलाफ रहे हैं। युद्ध खत्म होगा तो हमारी अर्थव्यवस्था जो खराब हो रही है वह सुधरेगी। उन्होंने कहा कि युद्ध के चलते गैस सिलेण्डर के लिए लाइनें लग रही है। भाजपा सरकार खाली सिलेण्डर तो दे सकती है लेकिन भरे सिलेण्डर नहीं दे पा रही है। जिस तरह से खाद की बोरी से खाद की चोरी कर ली वैसे ही गैस सिलेण्डर नपवा लो तो वजन कम ही मिलेगा। सुना है किरोसिन बिकने लगा है। इंडक्सन प्लेटे बिकने लगी है। जिस समय चुनाव खत्म हो जाएगा डीजल-पेट्रोल की कीमते बढ़ जाएगी। भाजपा के प्रीपेड मीटर से प्रीपेड पीड़ित लोग भी है। अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोगों को 2027 की तैयारी करनी है। कन्नौज में तीनों सीटें जीतनी है। सभी सीटें समाजवादी पार्टी जीतने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी जब जनता से हार जाती है तब इलेक्शन कमीशन से मिलकर साजिश और षडयंत्र करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को आरक्षण, सम्मान और अधिकार मिलने के पक्ष में है लेकिन जब आबादी के हिसाब से देने की बात आ रही है तो 2011 की गिनती के आधार पर गलत है। आज 2026 है आबादी बढ़ गयी है। भाजपा सरकार की नीयत सही से आरक्षण देने की नहीं है। यादव ने कहा है कि भाजपा वह दल है जिन्होंने कभी भारत का झंडा नहीं अपनाया था। उनके संघी साथी अनरजिस्टर्ड अण्डर ग्राउण्ड लोगों ने कभी भारत का झंडा स्वीकार नहीं किया था। ये न तो समाजवादी है और न संविधान को मानने वाले लोग है।