Dainik Athah

भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है: पंकज चौधरी

महाराजगंज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का शुभारम्भ



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को महाराजगंज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है और यही कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व विकास का माध्यम है।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का संगठन सामान्य राजनीतिक दलों की तरह केवल चुनाव आधारित संरचना नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वाेपरि और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलने वाला वैचारिक परिवार है। उन्होंने कहा कि पार्टी की शक्ति बूथ स्तर तक समर्पित भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों ने रखी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय का ऐसा दर्शन दिया, जिसने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरी कार्यशैली इसी विचार पर आधारित है कि सरकार की योजनाओं और विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की यात्रा संघर्ष, समर्पण, तप और राष्ट्रसेवा की यात्रा रही है। पार्टी ने अपने स्थापना काल से ही राष्ट्रहित, सुशासन, सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक समरसता और गरीब कल्याण को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यही विचारधारा विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के रूप में साकार हो रही है।
पंकज चौधरी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, वंचित, किसान, युवा और महिलाओं तक विकास की किरण पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है तथा योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। इससे शासन व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के प्रमुख संकल्पों को पूरा करते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, आॅपरेशन सिंदूर, 80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह नि:शुल्क राशन, आयुष्मान भारत के माध्यम से नि:शुल्क इलाज, सबको शिक्षा, भयमुक्त वातावरण, मजबूत अर्थव्यवस्था और किसान सम्मान निधि जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से देश को आर्थिक, राजनीतिक और सामरिक रूप से सशक्त किया है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होता है। जब कार्यकर्ता विचार से स्पष्ट, व्यवहार से संतुलित और संगठन के प्रति समर्पित होता है, तब वह समाज में विश्वास का वातावरण तैयार करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल पार्टी का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सेवा और संस्कार आधारित राजनीति का वाहक है।
पंकज चौधरी ने कार्यकतार्ओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सके और उनका अधिकतम लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि विचार, संगठन और सेवा के बल पर भाजपा आने वाले समय में भी राष्ट्र निर्माण की अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाती रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *