Dainik Athah

सीएम योगी करेंगे भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह का शुभारंभ

अकादमी के संपूर्ण भवन व दो प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण, कलाविदों-पूर्व छात्रों का सम्मान भी करेंगे मुख्यमंत्री

5 से 12 अप्रैल तक मनाया जाएगा अकादमी का स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 12 अप्रैल तक स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह मनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (5 अप्रैल) को अकादमी परिसर स्थित राज बिसारिया प्रेक्षागृह में इसका शुभारंभ करेंगे।


अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी और निदेशक बिपिन कुमार ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री कलाविदों व पूर्व छात्रों का सम्मान करेंगे। यह समारोह न केवल अकादमी की गौरवशाली यात्रा का उत्सव है, बल्कि रंगमंच के क्षेत्र में उसकी उपलब्धियों का प्रतीक भी है। मुख्यमंत्री इस समारोह में भारतेंदु नाट्य अकादमी के सम्पूर्ण भवन व दो प्रेक्षागृहों के 22 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि से हुए जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण करेंगे। सीएम यहां कलाविदों व पूर्व छात्रों का सम्मान करने के अलावा रंगवेद पत्रिका का विमोचन भी करेंगे।


स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह के दौरान देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 5 से 12 अप्रैल तक प्रतिदिन दो शिफ्ट में नाट्य मंचन होगा। बीएम शाह प्रेक्षागृह में अपराह्न 3.30 बजे तथा राज बिसारिया प्रेक्षागृह में शाम 6.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *