Dainik Athah

पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे: अखिलेश यादव

आज से पीडीए के युवाओं का यही नया नारा है



अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने एक संदेश में कहा कि पीडीए के संकल्पबद्ध युवाओं को हर बूथ को मजबूत करने का जो निर्देश दिया गया है, उसको लेकर उनका अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया। इस बार बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं का प्रयास मिलकर अपनी ‘पीडीए सरकार बनाने’ और ‘संविधान बचाने’ के लिए कटिबद्ध-प्रतिबद्ध है। सच तो यही है कि जब पीडीए सरकार बनेगी, तभी संविधान बचेगा, जब संविधान बचेगा तभी अधिकार और आरक्षण बचेगा, तभी युवाओं को भेदभाव के बिना काम-कारोबार-रोजगार के बराबर मौके मिलेंगे, नौकरी मिलेगी। वो अपने घर-परिवार के सपने पूरे कर पाएंगे और सम्मान से जीवन जी पाएंगे।
यादव ने कहा कि इसीलिए आज से पीडीए के युवाओं का यही नया नारा है। पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे! उन्होंने कहा कि ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने के महा-लक्ष्य की असीम ऊर्जा से भरे उत्तर प्रदेश के युवा इस बार भाजपा का कोई भी चुनावी घपला, चालबाजी, जालसाजी और घोटाला नहीं चलने देंगे। पीडीए प्रभारी हर भाजपाई और उनके संगी-साथियों पर पैनी नजर रखेंगे और बाहर के राज्यों से आए नकली वोट डालने वाले ‘चुनावी घुसपैठियों’ को खदेड़कर, पकड़कर, वीडियो के सबूत सहित पुलिस के हवाले करेंगे और उन्हें कानून से सजा दिलाकर ही मानेंगे। भाजपा को 2027 में देश के सबसे कठिन चुनाव का सामना करना होगा। जहाँ सतर्क, सचेत, सावधान पीडीए युवा चौकन्ने रहकर हर एक वोट पर सख़्त निगाह रखेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि याद रहे भाजपाई और उनके संगी-साथी आप सब युवाओं को उकसाएंगे, प्रतिक्रिया और प्रतिरोध करने को बाध्य करेंगे लेकिन आपको उनके झाँसे में नहीं आना है, अपना आपा, संतुलन और आत्म-नियंत्रण नहीं खोना है। हमें सोच-समझकर, सधकर, शांत होकर चलना है और अपनी युवा ऊर्जा, शक्ति और जोश को सकारात्मक रूप से हर पीड़ित से मिलकर बने ह्यपीडीए समाजह्ण को हमेशा के लिए पीड़ा, दुख और अपमान से मुक्ति दिलाने के लिए लगा देना है।
यादव ने कहा कि अब युवा, महिला, किसान, मजदूर, कारोबार, परिवार व पीडीए विरोधी भाजपा की हर तरह से भ्रष्ट, जुमलाई, बेईमान सरकार निश्चित जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी। याद रखें पीडीए हमारे मान-सम्मान का इंकलाब है। उन्होंने कहा कि अपने पीडीए के उत्थान के लिए हमें खुद आगे बढ़ना होगा, हमें खुद ही लड़ना होगा और अपना वक़्त खुद ही बदलना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *