Dainik Athah

UP MLC Election: दिनेश गोयल ने फहराया भगवा, हेमसिंह पुंडीर को 28769 मतोें से दी शिकस्त

UP MLC Election: मेरठ- सहारनपुर खंड शिक्षक के बाद स्नातक सीट पर भाजपा की बड़ी जीत

UP MLC Election: शिक्षक संघ शर्मा गुट के हेमसिंह पुंडीर को 28769 मतोें से दी शिकस्त

परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में आधी रात को मनाई गई दीपावली

भाजपा के प्रदेश महामंत्री समेत दो सांसद भी मौजूद रहे प्रमाण पत्र लेने के समय

अथाह संवाददाता, मेरठ/ गाजियाबाद। UP MLC Election:
मेरठ- सहारनपुर खंड के शिक्षक विधान परिषद चुनाव में जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने बडे अंतर से स्नातक विधान परिषद सीट पर भी कब्जा कर लिया। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल ने शिक्षक संघ के हेम सिंह पुंडीर को 28769 मतों के भारी अंतर से हराकर सीट जीत ली। जीत हासिल करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने परतापुर क्षेत्र में ही आधी रात को दीपावली मनाई।

बता दें कि लगातार 36 घंटे तक चली मतगणना में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हेमसिंह पुंडीर पर निर्णायक बढ़त प्राप्त कर चुके थे। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में गोयल 27080 मतों से आगे थे। लेकिन इन चुनावों में कुल मतों के 50 फीसद प्लस एक की गणना के अनुसार जीत हासिल नहीं कर पाये थे। तब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती हुई। परिणाम घोषित होने पर दिनेश कुमार गोयल को 28769 मतों से विजयी घोषित किया गया। गोयल को 46212 एवं पुंडीर को 17443 मत प्राप्त हुए। चुनाव में 123977 मत पड़े थे। इनमें से 11302 मत रद्द घोषित किये गये।

चुनाव में जीत की जानकारी मिलते ही मेरठ- हापुड़ लोकसभा के सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में भाजपा के कैंप पर पहुंच गये एवं दिनेश गोयल को बधाई दी। इसके बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी भी मौके पर पहुंचे एवं बधाई दी। इनके साथ ही चुनाव प्रभारी विमल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, मंत्री धीरज शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, कार्यालय प्रभारी नितिन मित्तल, मोदीनगर के नामित सभासद विमल शर्मा, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष गौरव चौपड़ा, आकाश तायल समेत बड़ी संख्या में उपस्थिति लोगों ने गोयल को बधाइयां दी।

डीएम चाहते थे कलक्ट्रेट आकर लें प्रमाण पत्र, सांसद ने मंडलायुक्त से की बात

मतगणना पूर्ण होने के बाद प्रमाण पत्र हस्ताक्षर करने के लिए मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम के पास घर भेजा गया। इसका कारण यह था कि आयोग से मंजूरी मिलने से पहले ही मंडलायुक्त अपने निवास चली गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी मेरठ भी घर के लिए रवाना हो गये। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संदेश भेजा कि प्रमाण कलक्ट्रेट आकर प्राप्त किया जाये। इस पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मंडलायुक्त को फोन कर नाराजगी व्यक्त की एवं कहा कि यह अव्यवहारिक है। प्रमाण पत्र मतगणना स्थल पर ही दिया जाना चाहिये। मंडलायुक्त ने इस पर सहमति व्यक्त की एवं जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे वापस लौटें तथा मतगणना केंद्र पर ही प्रमाण पत्र सौंपे। इसके बाद जिलाधिकारी एवं एसएसपी वापस लौटे तथा आयुक्त मेरठ मंडल से प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर होने के आने के बाद उसे सौंपा।

अश्वनी त्यागी ने पीछे खड़े होकर देखा नजारा

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी शनिवार की रात करीब 11 बजे मतगणना केंद्र कताई मिल में पहुंचे। उन्होंने दिनेश गोयल को जीत पर बधाई दी। लेकिन कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते वे कुछ देर बाद ही अलग जाकर खडे हो गये। जब प्रमाण पत्र मिल रहा था उस समय उन्होेंने आगे आने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ थी कि हटने को तैयार नहीं थी। हालांकि दिनेश गोयल चाहते थे कि अश्वनी त्यागी आगे आये, लेकिन लोग सुनने को तैयार नहीं थे।

आधी रात को मनी दीपावली

मतगणना केंद्र से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर भाजपा का कैंप लगा था। यहीं पर प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर दीपावली मनाई तथा मिठाइयां बांटी।

डीजे वाले को दिनेश गोयल ने भेजा वापस

कुछ उत्साही कार्यकर्ताओं ने रात में मतगणना केंद्र पर डीजे मंगवा लिया। डीजे की तेज आवाज से दिनेश गोयल खफा हो गये तथा उन्होंने डीजे को वापस भेजने के लिए कहा। उन्होंने कहा आधी रात में डीजे बजाना पूरी तरह से गलत है तथा नियमों के खिलाफ है।

दिन निकलते ही घर पर बधाई देने वालों का लगा जमावड़ा

रविवार को दिन निकलने के साथ ही दिनेश गोयल के कविनगर स्थित निवास पर बधाई देने वालों का जमावड़ा लग गया। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री अतुल गर्ग, वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा, पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा, महानगर कोषाध्यक्ष व उद्यमी संजीव गर्ग, अश्वनी शर्मा, पार्षद हिमांशु गोयल, राजेंद्र मित्तल, अशोक जैन, विजय मोहन. अल्प संख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के साथ भी ग्रुप फोटो करवाया।


UP MLC Election UP MLC Election UP MLC Election

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *