प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 को करेंगे जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्र व प्रदेश के अनेक नेता होंगे उद्घाटन समारोह में शामिल
पांच जिलों के लोग होंगे सभा में शामिल

अथाह संवाददाता
नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र 28 मार्च शनिवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के साथ ही विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भाजपा के साथ ही प्रशासन भी जनसभा की तैयारियों में जुटा हुआ है। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ ही लोक निर्माण मंत्री एवं नोएडा प्रभारी कुंवर बृजेश सिंह समेत प्रदेश के अनेक पदाधिकारी तथा क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया लगातार जेवर में कैंप कर रहे हैं। शुक्रवार को भी सत्येंद्र सिसौदिया ने कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस जनसभा का महत्व इसलिए भी अधिक है कि अगले ही दिन अर्थात 29 मार्च रविवार को दादरी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा है। भाजपा इस रैली के माध्यम से जहां 2027 विधानसभा चुनाव से पूर्व माहौल बनाने का प्रयास करेगी। प्रधानमंत्री पश्चिम के साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश को साधने का काम करेंगे।
हर जिले के लिए बनाया गया अलग बाक्स
भाजपा सूत्रों के अनुसार जनसभा में आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए हर जिले का अलग बाक्स बनाया गया है। इसमें प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ ही पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे। ये लोग जनसभा में मौजूद लोगों पर नजर रखेंगे कि किसी को कोई परेशानी तो नहीं हो रही।
गर्मी के मद्देनजर पेयजल की होगी पर्याप्त व्यवस्था
जानकारी के अनुसार गर्मी के मद्देनजर जनसभा स्थल पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखी गई है जिससे किसी भी समर्थक अथवा कार्यकर्ता को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े। इसके साथ ही जनसभा स्थल पर चिकित्सकों की एक बड़ी टीम भी तैनात रहेगी।
एक बार जनसभा में पहुंचने के बाद सभा समाप्त होने के बाद ही निकल पायेंगे बाहर
सूत्र बताते हैं कि जनसभा में आने वाले एक बार जनसभा स्थल पर पहुंच जायेंगे तो उसके बाद वे सभा समाप्त होने के बाद ही बाहर निकल पायेंगे। वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पुलिसकर्मी ऐसे लोगों पर नजर रखेंगे जो बीच में सभा छोड़ने के प्रयास में माहौल न खराब कर सके। पूर्व की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जाने के समय नाश्ता और वापसी में होगी भोजन की व्यवस्था
सूत्र बताते हैं कि कार्यकर्ताओं को लेकर जब बस चलेगी तब बस में ही उन्हें नाश्ता एवं पेयजल उलब्ध करवाया जायेगा। जब वे वापस चलेंगे तब उन्हें बस में ही भोजन के पैकेट भी मिलेंगे। जनसभा समाप्त होने से पहले ही बसों में भोजन के पैकेट पहुंच जायेंगे। बसों की पार्किंग की व्यवस्था भी जिलों के हिसाब से की गई है।
शुक्रवार को नोएडा के प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने जनसभा स्थल का निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता की।
