अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा झूठे प्रचार और इवेंट पर चलने वाली पार्टी है। प्रदेश की जनता को धोखा देने और माहौल बनाने के लिए कम्पनियों से फर्जी एमओयू करती है। अभी हाल ही में हुए एक एमओयू को लेकर पूरे देश में भाजपा सरकार की चर्चा हुई, जिससे इस सरकार की पोल खुल गयी है। समाजवादी पार्टी प्रदेश में हुए सभी एमओयू की पोल खोलने के लिए पुरजोर तरीके से जांच की मांग करती है।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जिन कम्पनियों से एमओयू कर रही है उनका कोई फाइनेंसियल बैकग्राउण्ड नहीं था। भाजपा झूठे प्रचार पर चलती है। हिटलर के जमाने में जर्मनी में केवल एक प्रोपेगेंडा मिनिस्टर होता था लेकिन भाजपा सरकार में केन्द्र और प्रदेश में सभी मंत्री प्रोपेगेंडा मिनिस्टर हैं। सब अपने आपको पीएम (प्रोपेगेंडा मिनिस्टर) समझते हैं। सब झूठ बोलने में नम्बर एक है।
रसोई गैस, पेट्रोल की किल्लत को लेकर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता को लाइन के सिवा कुछ नहीं मिला। जनता को जो दिक्कत और परेशानी आ रही है, उसको दूर करने के लिए भाजपा सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। सरकार की सिर्फ इतनी तैयारी है कि 14.2 किलो का सिलेंडर 10 किलो का कर दिया। सरकार ने इस परेशानी से निपटने की तैयारी करने के बजाय कोरोना काल की परेशानियों की याद दिला दी। भाजपा के हर फैसले ने लोगों को लाइन में लगवा दिया है लेकिन इस बार जनता तैयार है लाइन में लगकर भाजपा का सफाया कर देगी, इसीलिए पूरी भाजपा पीडीए से घबराई है। ये लोग पीडीए का फुल फॉर्म भी नहीं जानते है, जो एआई का फुल फॉर्म नहीं जानते हैं, वे पीडीए को क्या जानेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि एआई को न केन्द्र सरकार समझती है और न प्रदेश सरकार। सरकारों ने एआई की कोई ट्रेनिंग नहीं दी। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। हम एआई का प्रयोग सबकी भलाई के लिए करेंगे। खेती, किसानी और किसानों के लिए एआई का बेहतर प्रयोग हो सकता है। कई चीजों का समय से अनुमान लगाया जा सकता है। भाजपा अपने कार्यकतार्ओं को गलत ट्रेनिंग देती है। गलत चीजें सीखती है।
संसद, विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण को लेकर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सुझाव दिया है कि समाजवादी पार्टी का वही सुझाव है, जो कभी नेताजी ने दिया था। महिला आरक्षण हो, लेकिन पिछड़ी, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी महिलाओं को भी उनका हक और सम्मान मिले।
दादरी में समाजवादी पार्टी की रैली को लेकर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उस इलाके से कई नेताओं को राज्यसभा सदस्य, विधान परिषद सदस्य बनाया है। विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे अच्छा परिणाम उसी क्षेत्र से आएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट को खत्म करने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता था, जो विश्वगुरू बनने का सपना देखते है, उन्होंने बड़ा मौका खो दिया है, अगर वे यह युद्ध रोक ले जाते तो पूरी दुनिया और सभी लोग विश्वगुरू मान लेते।
