बुलडोजर से डर उन्हें लगता है जिनका माफियाओं और दंगाइयों से नाता है
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पीडीए का राग अलापने वाले सपाई अब सच सुनने की आदत डाल लें। समाजवादी पार्टी का तथाकथित पीडीए कोई सामाजिक न्याय का अभियान नहीं, बल्कि ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है, जिसका एकमात्र उद्देश्य केवल एक परिवार के राजनीतिक हितों और वंशवादी राजनीति को आगे बढ़ाना है।
चौधरी ने कहा कि बुलडोजर से डर उन्हें लगता है जिनका माफियाओं और दंगाइयों से नाता है। यह गरीब की झोपड़ी पर नहीं, बल्कि सपा के पाले-पोसे उन गुंडों और भू-माफियाओं पर चल रहा है, जिन्होंने वर्षों तक गरीबों का हक मारा, जमीनों पर अवैध कब्जे किए और अपराध के बल पर अपने महल खड़े किए। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है, यही बात सपा को सबसे ज्यादा चुभ रही है।
