अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। नकारात्मक सोच की पार्टी है। सत्ता का दुरूपयोग करती है। विपक्ष के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी कार्यकतार्ओं पर फर्जी और झूठे मुकदमे लगाती है। धमकी और अवैध कार्रवाई करती है।
अखिलेश यादव बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये कार्यकतार्ओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव निकट आता जा रहा है, वैसे-वैसे भाजपा नेतृत्व बौखला रहा है। विपक्ष को बदनाम कर रहा है।
यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रयोग खेती, किसानी और अन्य सकारात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए था लेकिन भाजपा इसका प्रयोग विपक्ष के खिलाफ करती है। भाजपा सरकार के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है। नौजवानों के लिए नौकरी नहीं है। मंहगाई बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार झूठे प्रचार और दिखावे के लिए नकली एमओयू करती है। इस सरकार ने जितने एमओयू किए हैं, उसमें ज्यादातर फर्जी हैं। एआई की एक कम्पनी 2025 में बनी, उसकी वेबसाइट 2025 की है, 2026 में उससे 25 हजार करोड़ का एमओयू हो गया। इसके डायरेक्टर्स की कोई वैल्यू नहीं है, कोई वेल्थ नहीं है। कहां से आकर इतना बड़ा एमओयू कर लिया।
उन्होंने कहा कि यूपी में इसके पहले भी ऐसे कई एमओयू पकड़े गये थे, जिन कम्पनियों के पास कुछ भी नहीं था लेकिन उन्होंने हजारों करोड़ का एमओयू कर लिया। मुख्यमंत्री और भाजपाई निवेश का हवा-हवाई दावा करते हैं। जमीन पर कोई निवेश नहीं दिख रहा है। कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया है। इस सरकार में हुए भ्रष्टकांडो के उजागर होने से अच्छे-सच्चे और ईमानदार निवेशक हतोत्साहित भी होते हैं और प्रदेश में निवेश करने से विमुख होते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है। कानून-व्यवस्था खराब हो गयी है। हर दिन हत्याएं हो रही है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जी के क्षेत्रों में खुलेआम हत्याएं हो रही है। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गये हैं। अन्याय अत्याचार चरम पर है। 2027 में भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही प्रदेश के हित में है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में पुन: विकास की गंगा प्रवाहित होंगी। ईमानदारी से जनता की सेवा की जाएगी। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत होगा।
