अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव कहा है कि देश में मंहगाई बढ़ती जा रही है। गैस से लेकर अन्य सामानो की मांग और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहती है। समाजवादी पार्टी चाहती है कि पहले इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा हो।
मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि युद्ध के कारण बदली परिस्थितियों को लेकर सरकार की कोई तैयारी नहीं है। हालात ऐसे ही रहे तो चीजें इतनी महंगी हो जाएंगी कि आम आदमी के हाथ से बहुत सी चीजें निकल जाएंगी। कई राज्यों और शहरों के व्यवसायियों, कारोबारियों ने सरकार को पत्र लिखा और एलपीजी गैस और अन्य चीजों की कमी को लेकर अपनी मांग रखी है। सरकार खुद दावा कर रही थी कि सबसे ज्यादा गैस कनेक्शन यूपी में है। सरकार की जिम्मेदारी है कि गैस सिलेंडर कैसे भरे जाये। इस लड़ाई के वक्त आपूर्ति की जो कमी हो रही है, उसको देखते हुए क्या सरकार के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था है? सरकार की क्या तैयारी है? अगर यह लड़ाई दो हफ्ते और चली तो खाना बनाने के लिए पुरानी व्यवस्था पर आना पड़ेगा। खाना बनाने के लिए कंडे और लकड़ी ढूंढ़ना पड़ेगा।
