13 से 16 फरवरी तक हापुड़ मार्ग पर मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर ब्रजघाट में भारी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। जनपद हापुड़ से प्राप्त सूचना के अनुसार 13 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से 16 फरवरी 2026 की शाम 4 बजे तक हापुड़ सीमा में भारी एवं हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अनुपालन में गाजियाबाद यातायात पुलिस ने 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से 16 फरवरी तक गाजियाबाद से हापुड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है।वैकल्पिक मार्गमुरादाबाद, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन लाल कुआं से दादरी-बुलंदशहर-डिबाई-नरौरा मार्ग अथवा डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे होते हुए पलवल चढ़ाव से बुलंदशहर-डिबाई-नरौरा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।कुंडली/पलवल की ओर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे होकर आने वाले वाहन डासना इंटरचेंज के एग्जिट संख्या 4ए से नीचे नहीं उतर सकेंगे।पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में संशोधन किया जा सकता है। आमजन से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की गई है।
