अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे हैं।
उन्होंने कहा इस सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा जीरो हो चुका है। मेरठ में माँ पर कातिलाना हमला और बेटी को उठाकर ले जाने का मामला बेहद गंभीर है। भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देते-देते आज जिस स्तर पर पहुँच गयी है, वहाँ से वापस नहीं लौट सकती क्योंकि अपराधी उनके राज खोल देंगे। सरकार से कोई उम्मीद ही न बचे, इससे बुरा और कुछ नहीं हो सकता। भाजपा पूरी तरह नाकाम सरकार है।
यादव ने कहा कि महिला अपराध और साइबर क्राइम में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर पहुंच गया है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोज 5 महिलाएं हिंसा का शिकार व हर 15 दिन में दुष्कर्म की शर्मनाक घटना हो रही है। पूरे प्रदेश में इसी तरह से हत्या, लूट बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। सरकार झूठे विज्ञापनों से चाहे जितने दावे करे लेकिन वह सच्चाई को छुपा नहीं सकती है। महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाले मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता 2027 में सत्ता से बाहर कर देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार और लूट के कारण प्रदेश में तमाम तरह के अपराध पनप रहे हैं। जिसे पहले लोग स्थानीय अपराध समझ रहे थे, जब पहली परत खुली तो वो राज्यव्यापी निकला, फिर एक और परत खुली तो राष्ट्रव्यापी निकला और अब एशिया लेवल का क्राइम निकल रहा है। उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है बल्कि प्रमोशन पा गया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा का ‘महा-माफिया राज’ है, जो लोगों के घरों में ‘बोतल-बंद’ होकर पहुँच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। इस अरबों की काली-कमाई में ‘सत्ताधारी की भागीदारी’ है, इसीलिए भाजपा राज में मारी-मारी फिर रही जनता अभागी है।
उन्होंने कहा भाजपा अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है, उसके ओवर अब ‘ओवर’ हो गये हैं। भाजपा की पूरी टीम मैच खत्म होने से पहले ही ‘आॅल आउट’ हो रही है।
