Dainik Athah

कार्यकर्ता 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढें: पंकज चौधरी

भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित अपने स्वागत व अभिनंदन समारोह तथा गोरखपुर क्षेत्र की बैठक को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित किया

अथाह ब्यूरो

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए हम सभी कार्यकर्ता 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढें। भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गोरखपुर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों व बडी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए भव्य स्वागत से अभिभूत श्री चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि है।

भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित अपने स्वागत व अभिनंदन समारोह तथा गोरखपुर क्षेत्र की बैठक को संबोधित करते हुए नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम, स्नेह तथा स्वागत के लिये धन्यवाद देने के लिए मेरे पास शब्द नही है। आप सभी कार्यकर्ताओं के बीच आकर गौरवान्वित हूँ और भावुक भी हूँ। कहा कि पार्टी ने 1989 में मुझे सभासद और 1990 में डिप्टी मेयर बनाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नौ बार लोकसभा का प्रत्याशी भी बनाया। पार्टी ने दूसरी बार केंद्र में वित्त राज्यमंत्री के रूप में काम करने की भी जिम्मेदारी दी और आज उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी है।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी शक्ति है संगठन ही हमारी पहचान है। संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हमें प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत 2027 में पार्टी को दिलानी है। क्योंकि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सशक्त उत्तर प्रदेश और समृद्ध उत्तर प्रदेश भी जरूरी है और यह भाजपा सरकार में ही संभव है।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर की धरा धार्मिक और राजनीतिक रूप से उर्वरक धरा है। यहीं से योगी आदित्यनाथ जी दो बार से मुख्यमंत्री हैं। जिन्होंने बीमारू प्रदेश को स्वस्थ प्रदेश बनाकर देश मे प्रदेश को एक नयी पहचान दी है। इसी धरा पर गुरु गोरखनाथ मंदिर व गीताप्रेस जैसे धार्मिक स्थल है।उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत की कोई सुनता ही नहीं था किंतु आज का भारत माननीय मोदी जी के नेतृत्व में जब बोलता है तो पूरी दुनिया गंभीरता से उसकी बात को सुनती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने का काम मोदी सरकार कर रही है।उन्होंने संगठन कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों को पूरा करने वाला ही कार्यकर्ता होता है। पार्टी का जो भी दायित्व मिले उसे निष्ठा से करने वाला कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है, उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक साथ मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में जुटने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने बैठक की अध्यक्षता की। संचालन जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रिय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, शशांक मणि त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। आभार प्रदेश महामन्त्री व क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जताया।इसके पूर्व भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी के गोरखपुर में प्रथम आगमन पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का गुरु गोरखनाथ एयरपोर्ट पर सांसद, विधायक गण और पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। महानगर, जिला और क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से लेकर अलग-अलग स्थानों पर ढोल नगाड़े, पुष्प वर्षा के साथ ऐतिहासिक स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *