Dainik Athah

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 28 को आयेंगे मेरठ

क्षेत्रीय बैठक से पहले गाजियाबाद से मेरठ तक होगा अभूतपूर्व स्वागत

क्षेत्रीय बैठक में होगी अभियानों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं को देंगे संदेश

यूपी गेट, वेदांता के सामने, भोजपुर, मेरठ टोल समेत अन्य स्थानों पर होगा स्वागत


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले दौरे को यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई है। उनका दिल्ली- यूपी गेट से लेकर मेरठ तक दर्जनों स्थानों पर भव्य स्वागत किया जायेगा। इसके साथ ही वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा की क्षेत्रीय बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव जीतने का मंत्र भी देंगे।
बता दें कि पंकज चौधरी प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले शायद ही कभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आये हों। 28 दिसंबर को उनका पश्चिम का पहला दौरा है। इस दिन वे मेरठ में भाजपा की क्षेत्रीय बैठक को संबोधित करेंगे।


भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बताया कि क्षेत्रीय बैठक में क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों के साथ ही सभी सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला- महानगर अध्यक्ष एवं प्रभारी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में वे पार्टी की समीक्षा करेंगे तथा आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ ही रूपरेखा तय करेंगे। बैठक में पंकज चौधरी आगामी पंचायत, विधान परिषद सदस्य एवं विधानसभा चुनाव जीतने का मंत्र भी कार्यकर्ताओं को देंगे।

दर्जनों स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का होगा भव्य स्वागत
क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बताया कि पंकज चौधरी का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहली बार आगमन पर अनेक स्थानों पर स्वागत किया जायेगा। दिल्ली- यूपी गेट पर मोर्चों के द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा। इसके बाद वेदांता के सामने भाजपा महानगर एवं गाजियाबाद जिले द्वारा स्वागत किया जायेगा। भोजपुर टोल पर मोदीनगर एवं हापुड़ के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जायेगा। इसके बाद मेरठ टोल पर मेरठ जिले के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। इससे आगे भी अनेक स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय बैठक एवं स्वागत कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *