विधानसभा अध्यक्ष ने शीतकालीन सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग मांगा
विधेयकों पर चर्चा करते समय उनके वास्तविक कॉन्सेप्ट व स्वरूप को सदन में प्रस्तुत किया जाना आवश्यक
सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन हेतु सभी दलों के सहयोग का आश्वासन
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधान भवन में आहूत सर्वदलीय बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही सदन चलता है। विधानसभा के विगत सत्र में अनेक महत्वपूर्ण मुद्दां पर सकारात्मक चर्चा परिचर्चा हुई। सभी दलों के सहयोग से जनोपयोगी मुद्दों पर तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण चर्चा के माध्यम से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन जनाकांक्षाओं को रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वर्तमान सत्र में हमें महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ ही, विधेयकों पर सार्थक चर्चा करने का अवसर प्राप्त होगा। विधेयकों पर चर्चा करते समय उनके वास्तविक कॉन्सेप्ट व स्वरूप को सदन में प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुई समृद्ध चचार्एं देश भर की विधानसभाओं के लिए प्रेरणा बनी हैं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि सरकार सभी चचार्ओं में भाग लेते हुए विपक्ष के प्रत्येक प्रश्न का सकारात्मक जवाब देगी तथा सुझावों के अनुरूप समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के गत सत्र में विकसित उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेन्ट/2047 पर लगातार 27 घण्टे सार्थक चर्चा की गई। उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला एक मात्र राज्य है। विकसित उत्तर प्रदेश के विषय में पूरे प्रदेश से अब तक 98 लाख सुझाव प्राप्त हुए हैं। आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर यूपी विजन डॉक्यूमेन्ट बनाया जाएगा। इस चर्चा को पुस्तक का स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के रूप मनाया जाता है। इस तिथि को गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के दो साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह वजीर खान के हाथों दीवारों में चुनवा दिये गए थे। गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के चार साहिबजादों ने अपनी शहादत देकर देश और धर्म की रक्षा की पक्की नींव खड़ी की थी। यह देश व धर्म को स्मरण करने का दिवस है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने के लिए एसआईआर के रूप में विराट अभियान प्रारम्भ किया है। सभी जनप्रतिनिधि इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर वास्तविक मतदाताओं के नाम सम्मिलित करना लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने वाला कदम है।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। पक्ष और विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। प्रदेश सरकार संवेदनशील है। सदन के सदस्यों द्वारा कही गई बातों पर सरकार द्वारा संज्ञान लिया गया है।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के रमेश सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विनोद सरोज तथा बहुजन समाज पार्टी के उमाशंकर सिंह ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन हेतु अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मत्स्य मंत्री डा. संजय कुमार निषाद भी उपस्थित थे।
