दैनिक अथाह में खबर प्रकाशित होने के बाद जागा प्रशासन
भारी वाहनों को रात 10 से सुबह छह बजे तक मिलेगी अनुमति
किसानों- मोदी चीनी मिल प्रबंधन से वार्ता के बाद दिन तय होगा
नगर पालिका पाइप लाइन करेगी शिफ्ट, टेंडर अंतिम दौर में
अथाह संवाददाता
मोदीनगर। मोदीनगर में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य में अगले कुछ दिन में तेजी देखने को मिल सकती है। इस मामले में एसडीएम मोदीनगर ने सभी विभागों के साथ बैठक कर सभी को सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही भारी वाहनों का आवागमन रात 10 से सुबह छह बजे तक करने का निर्णय लिया गया। निर्णय को लागू करने से पहले किसानों एवं मोदी चीनी मिल प्रबंधन से बात की जायेगी।
बता दें कि दैनिक अथाह ने 17 दिसंबर के अंक में ‘आरओबी ठेकेदार के ठेंगे पर पुलिस- प्रशासन, बड़ी दुर्घटना का हो रहा इंतजार’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीएम मोदीनगर अजीत कुमार सिंह ने बुधवार को ही पुलिस, सेतु निगम, ठेकेदार कंपनी, नगर पालिका एवं बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में एसडीएम ने लोगों को हो रही परेशानी को लेकर नाराजगी जताई।
बिजली के सामान पर विभाग ने जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों ने लाइन शिफ्टिंग के लिए आपूर्ति किये गये सामान की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई। इसका कारण यह था कि ठेकेदार सामान के कागजात पेश नहीं कर सके, जिस कारण यह आशंका व्यक्त की गई कि सामग्री निम्न गुणवत्ता की है। इसको लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। विभाग के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि गुरूवार को ठेकेदार ने कागजात प्रस्तुत कर दिये जिसके बाद गुणवत्ता मामले में क्वालिटी सैल के अधिकारी जांच करेंगे।
रात 10 से सुबह छह बजे तक मिलेगी भारी वाहनों को अनुमति
भारी वाहनों के डायवर्जन पर तय किया गया कि गन्ने से लदे वाहनों के कारण पूरी तरह से भारी वाहनों को रोकना ठीक नहीं होगा। जिस कारण निर्णय लिया गया कि रात 10 से सुबह छह बजे तक हापुड़ फाटक से भारी वाहनों का संचालन किया जायेगा। इसके लिए किसानों एवं मोदी चीनी मिल प्रबंधन से बात की जायेगी। तीन दिन में बैठक कर ली जायेगी।
पानी की पाइप लाइन बन रही सर्विस रोड में रूकावट
ठेकेदार ने बैठक में कहा कि सर्विस रोड के नीचे नगर पालिका की पाइप लाइन आ रही है। इस पर नगर पालिका की तरफ से कहा गया कि पाइप लाइन शिफ्ट करने के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है। शुक्रवार को टेंडर खुल जायेगा, जिसके बाद एक सप्ताह में पाइप लाइन शिफ्ट करने का काम कर दिया जायेगा।
मोदीनगर के हापुड़ रोड पर आरओबी निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त है। ठेकेदार एवं सभी विभागों को चेतावनी दी गई है। यदि समय से काम नहीं होगा तो कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही पुलिस विभाग मोदीपोन पुलिस चौकी को शिफ्ट करने के लिए भी तैयार हो गया है।
अजीत कुमार सिंह, एसडीएम मोदीनगर
