लखनऊ में भव्य समारोह के बीच हुई घोषणा

अथाह व्यूरो
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री पंकज चौधरी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। उनके नाम की औपचारिक घोषणा भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह के दौरान की। शंखनाद और कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण नारों के बीच जैसे ही पंकज चौधरी के नाम का ऐलान हुआ, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
भूपेंद्र चौधरी ने सौंपा पार्टी का झंडा
घोषणा के तुरंत बाद निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बगल में लगी कुर्सी से उठे और पंकज चौधरी को भाजपा का झंडा सौंपा। इसके बाद पंकज चौधरी ने भूपेंद्र चौधरी की कुर्सी पर बैठकर औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। यह क्षण पार्टी के लिए नेतृत्व परिवर्तन का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को बधाई दी और उन्हें बुके भेंट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी और पंकज चौधरी को मंच पर बड़ी मालाएं पहनाई गईं। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
11 महीने की मंथन प्रक्रिया के बाद हुआ चयन
उत्तर प्रदेश भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश को लेकर पिछले करीब 11 महीनों से लगातार मंथन चल रहा था। विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श के बाद अंततः पार्टी नेतृत्व ने पंकज चौधरी के नाम पर सहमति जताई, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध चुना गया।
यूपी भाजपा के 17वें प्रदेश अध्यक्ष बने पंकज चौधरी
पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के 17वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर के निवासी हैं और कुर्मी समुदाय से आते हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का करीबी भी माना जाता है।
मेगा इवेंट के रूप में हुआ चुनाव
भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को मेगा इवेंट का रूप दिया। लखनऊ की लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 15 हजार कार्यकर्ता पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-झूमते कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में संगठन की ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन साफ नजर आया।
आगे की रणनीति पर टिकी निगाहें
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सभी की निगाहें उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर टिकी हैं। पार्टी नेतृत्व को उनसे संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद है।
