Dainik Athah

अमेरिका के सामान आने से हमारे किसान और गरीब पर संकट आएगा: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने मनाया खजांची का 9 वां जन्म दिन



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के द्वारा आज यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में खजांची का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। खजांची की 9वीं सालगिरह पर उसे लड्डू और केक खिलाकर बहुत सारे उपहार भेंट किये गये।
अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची का जन्म दिन तो वास्तव में भाजपा को मनाना चाहिए पर हम मनाते हैं। भाजपाई पीछे मुडकर नहीं देखते। समाजवादी अपने संसाधनों पर खजांची की पढ़ाई का खर्च उठा रहे है। जब तक भाजपा की सरकार है, खजांची का हम जन्मदिन इसी तरह हर वर्ष मनाते रहेंगे।
इस मौके पर मीडिया से वार्ता करते हुए यादव ने नोटबंदी पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य था कालाधन वापस आएगा। मगर देखने में आया कि काला धन सफेद हो गया। नोटबंदी से व्यापार डूब गया। लोगों के हाथ से पैसा निकल गया। कोविड काल की पाबंदी और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। महंगाई बढ़ गई है। बिजली मंहगी है। मकान बनाना महंगा है। सोना महंगा हो गया। भाजपाई सोना खरीद रहे है। गरीब शादी में कोई चीज यहां तक कि छोटा से छोटा खरीदने की स्थिति में भी नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिका हमारे सामान पर पाबंदी लगा रहा है। सुना है कि भारत सरकार हर पाबंदी को स्वीकार करती जा रही है। टेक्सटाइल में समझौता हो गया है। उनका सामान आने से हमारे किसान और गरीब पर संकट आएगा। अर्थव्यवस्था में सुधार लाने में भाजपा की नीतियां विफल हैं। लोगों की प्रति व्यक्ति आय कहां बढ़ रही है। 80 करोड़ को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, उनकी प्रति व्यक्ति आय क्या हुई?
यादव ने कहा कि कहीं खाद उपलब्ध नहीं है। किसान की आय दुगनी कहां हुई? फसलों के लिए कीटनाशक नहीं है। सरकार झूठ का धंधा चला रही है। भावनाओं पर सरकार चल रही है। डराकर चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी से वोट की बेईमानी करने पर तुल गई है। निर्वाचन आयोग की पूरी तैयारी नहीं है। भाजपा प्रशासन का दुरूपयोग करने में लगी है। ऐसे में लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यूपी में सब चंगा, है जहां पकड़ा जाए गांजा। लगता है पूरी भाजपा गांजा के काम में लगी है। भाजपा सरकार में पीडीए को अपमानित किया जा रहा है। सिर्फ खांसी की दवा सिरफ का नशे में इस्तेमाल हो रहा है। इस घोटाले में भाजपा भी शामिल है। दस साल में स्मार्ट सिटी के नाम पर शहरों को भाजपा ने बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि एसआईआर अभियान में पीडीए का एक भी वोट नहीं कटना चाहिए। जब 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार बाहर जाएगी तब प्रदेश में संविधान के अनुसार सरकार काम करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *