Dainik Athah

बिहार में बन रही है इंडिया गठबंधन की सरकार :अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने बिहार में इंडिया गठबंधन के पक्ष में की जनसभाएं

अथाह व्यूरो

मोतिहारी/सीतामढ़ी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी देव गुप्ता और सीतामढ़ी के रून्निसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चंदन कुमार के समर्थन में विशाल जनसभाएं कीं।

अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार के पहले चरण के चुनाव में हवा इंडिया गठबंधन की है। पहले चरण से ही यह संदेश जा रहा है कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। जनता युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मतदान कर रही है। बिहार में नौकरी देने वाला मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को ठगा है और लगातार झूठ बोल रही है। इस बार बिहार की जनता भाजपा को बाहर करने का मन बना चुकी है। भाजपा के पास ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम है, जबकि इंडिया गठबंधन के पास वीआईपी पार्टी और मुकेश साहनी जैसे सहयोगी हैं। बिहार में नई सरकार बनेगी, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और राज्य का विकास होगा। नौजवानों को रोजगार मिलेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के दस साल और बिहार सरकार के बीस साल यानी कुल तीस साल का हिसाब अब जनता लेगी। भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और युवाओं के पलायन की जिम्मेदार है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लोग खाद की बोरी तक में चोरी करते हैं। डीजल-पेट्रोल महंगे किए और जीएसटी लगाकर आम जनता पर बोझ बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोग चाणक्य के जमाने से राजनीति में निपुण रहे हैं, लेकिन अब दिल्ली से आए लोग बिहार के लोगों को राजनीति सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार सौहार्द और सामाजिक न्याय की भूमि है। इतिहास गवाह है कि बिहार के सम्राटों ने भारत को एकजुट किया था, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग नफरत और विभाजन फैला रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि नफरत फैलाने वाली ताकतों को हराकर नया बिहार बनाना है। पीड़ित, शोषित और वंचित समाज को साथ लेकर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार के भविष्य और नौजवानों के रोजगार का चुनाव है। बिहार की जनता परिवर्तन का संदेश पूरे देश में दे रही है। बिहार में सरकार बदलेगी और उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी भाजपा की सरकार को बदलेगी। समाजवादियों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी हराएंगे।

ReplyForwardAdd reaction

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *