Dainik Athah

इंडिया गठबंधन भाजपा के बंडलराज को खत्म करेगा: अखिलेश यादव

बिहार विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख ने बोला भाजपा पर हमला



अथाह ब्यूरो
पटना।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।
यादव ने पूर्वी चम्पारण के कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी मनोज यादव, सिवान के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से राजदप्रत्याशी ओसामा साहब, महराजगंज विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी विशाल कुमार जायसवाल और कैमूर जिला के भभुआ विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी अजीत सिंह के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए महागठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की अपील की है।
अखिलेश यादव ने कहा बिहार की जनता महागठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। बिहार में बदलाव होना तय है। भाजपा का सफाया होगा। बिहार में अब भाजपा के भ्रष्टाचार का बंडलराज नहीं चलेगा। इंडिया गठबंधन भाजपा के बंडलराज को खत्म करेगा। बिहार के बजट की लूट नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को बजट की लूट और भ्रष्टाचार के पैसों को बंडल बनाकर बिहार के बाहर नहीं भेजने दिया जायेगा। बिहार का पैसा बिहार में खर्च होगा। भाजपा की पहचान झूठ, लूट और भ्रष्टाचार है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों से झूठे वादे किए थे। कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा षड्यंत्रकारी पार्टी है। नौजवानों को नौकरी कभी नहीं दे सकती है। नौकरी, रोजगार भाजपा के एजेंडे में नहीं है। जब बिहार में तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे वे नौजवानों को नौकरी दे रहे थे। पूरे देश में प्रचार होने लगा था। इससे भाजपा घबरा गयी। साजिश करके उसने सरकार हटा दिया। जनता नौकरी को लेकर भाजपा की केन्द्र सरकार से सवाल करने लगी थी। इसीलिए भाजपा ने सरकार गिरा दी थी।
यादव ने कहा कि इस चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनेगी। नया बिहार बनेगा। नये बिहार में नौकरियों की बहार होगी। तेजस्वी यादव हर घर को नौकरी देंगे। भाजपा बिहार के नौजवानों को नौकरी नहीं मजदूरी के लिए टोकरी दे रही है। भाजपा ने महंगाई बढ़ायी है। डीजल, पेट्रोल महंगा कर दिया। जीएसटी लगाकर व्यापारियों का व्यापार बर्बाद कर दिया। पहले जीएसटी का कानून लाकर महंगाई बढ़ाया, अब जीएसटी का उत्सव मना रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री को हर रोज अपमानित करते हैं। अमेरिका धमकाता है। व्यापार पर पाबंदी लगा रहा है। भाजपा सरकार ने नॉनवेज दूध, दही के व्यापार के लिए अमेरिका से अंदर ही अंदर समझौता कर लिया है। सुनने में आया है कि भाजपा सरकार ने अमेरिका के दूध-दही को भारत में मंगाना स्वीकार कर लिया है। अमेरिका अपना व्यापार बढ़ा रहा है। अमेरिका का दूध, दही नान वेजेटेरियन हैं अगर वो दूध, दही यहां आयेगा तो गोरखपुर में गोरखधंधा चलाने वाले एकरंगी जी क्या उसे खाएंगे?
अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव केवल बिहार ही नहीं देश के भविष्य का भी चुनाव है। नौजवानों के भविष्य का चुनाव है, इसलिए भाजपा और उनके सहयोगियों को हराकर सत्ता से हटाना है। भाजपा जाएगी तभी नौकरी आयेगी। बिहार से अब नौजवानों का नहीं भाजपा का पलायन होगा। उन्होंने कहा हमारे यूपी के एक एकरंगी हैं। उन्हें नाम बदलने की बीमारी है। वे शुरूआत से ही बदलने में माहिर हैं। उन्होंने अपना प्रदेश बदला, वेशभूषा बदला, अपना नाम भी बदला हैं। काम भी बदले है। पार्टी भी बदले हैं। चुनाव चिह्न भी बदले हैं। इस बार समाजवादी लोग उन्हें यूपी में बदल देंगे। यूपी में उनका गोरखधंधा इतना बड़ा है कि कोई कल्पना नहीं कर सकता है। गोरखपुर में एक सड़क बनी है। उसमें जमकर गोरखधंधा चला।
यादव ने कहा कि बिहार से भाजपा की विदाई होने जा रही है। इस विदाई को चुनावी दूल्हा नीतीश कुमार जी पहले ही समझ गये हैं। अभी पटना में जो शो हुआ उसमें भी चुनावी दूल्हा नहीं दिखाई दिए। भाजपा की धोखेबाजी को पूरा बिहार समझ गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *